Agra News: खबरें आगरा की...........
फेम, डीवीवीएनएल और टोरेंट की त्रिपक्षीय बैठक, नए कनेक्शन में अड़चन पर सख्त निर्देश
आगरा, 01 अक्टूबर। विद्युत सभागार में बुधवार को डीवीवीएनएल, फेम और टोरेंट पावर की त्रिपक्षीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता डीवीवीएनएल के चीफ इंजीनियर कपिल सिंदवानी ने की। इसमें बिजली उपभोक्ताओं से जुड़े कई नीतिगत मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में सबसे बड़ी समस्या नए कनेक्शन के आवेदनों को छोटी-छोटी कमियां बताकर लौटाने की सामने आई। इस पर चीफ इंजीनियर ने टोरेंट को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी आवेदन लौटाया न जाए, बल्कि उसे स्वीकार कर कमियों के बारे में मेमो के जरिए तय समय में उपभोक्ता को सूचित किया जाए।
फायर एनओसी को लेकर भी निर्देश दिया गया कि नई गाइडलाइन से पहले के आवेदनों के कनेक्शन जारी किए जाएं। इसके अलावा जनहित के अन्य मुद्दों पर भी समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
बैठक में फेम के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती, मुकेश अग्रवाल, राजेश खुराना, ब्रजेश पंडित, प्रेम शर्मा, मनोज खंडेलवाल, रूपेश कुमार और टोरेंट से जीएम अब्दुल सलाम, एजीएम विमर्श पंडित, पीआरओ भूपेंद्र सिंह ढिल्लन, डीवीवीएनएल से एक्सईएन राजेश कुमार, एसईएन सोमवीर सिंह शामिल रहे। अंत में महामंत्री ब्रजेश पंडित ने सभी का आभार जताया।
__________________________________________
UPI पर 0.04% चार्ज लगाने का विरोध, आगरा मंडल व्यापार संगठन ने कहा- छोटे व्यापारियों पर बढ़ेगा बोझ
आगरा, 01 अक्टूबर। यूपीआई पर 0.04 प्रतिशत चार्ज लगाने के प्रस्ताव का आगरा मंडल व्यापार संगठन ने विरोध किया है। संगठन कार्यालय पर हुई बैठक में व्यापारी नेताओं ने कहा कि यह निर्णय गलत है और इससे छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि 2 अक्टूबर को इस मुद्दे पर होने वाले विरोध प्रदर्शन का संगठन समर्थन करता है और भविष्य में भी व्यापारियों के हर आंदोलन में सहभागिता निभाएगा।
नेताओं ने कहा कि सरकारी बैंकों द्वारा करंट/सीसी अकाउंट में मेंटेनेंस और मिनिमम कैश डिपॉजिट चार्ज के नाम पर खातों से पैसा काटा जा रहा है। पूछने पर बैंक कहते हैं कि चार्ज कंप्यूटर से ऑटो डेबिट हो रहा है, जबकि कंप्यूटर को बैंकों ने ही डिजाइन किया है। यह सरासर गलत है।
संगठन ने इस संबंध में वित्त मंत्री भारत सरकार और आरबीआई गवर्नर को कई पत्र लिखकर पूछा है कि क्या ये तीनों चार्ज सरकार/आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार हैं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि सरकार तरह-तरह के चार्ज लगाकर आम जनता और छोटे व्यापारियों पर बोझ डाल रही है, जिससे व्यापार करना मुश्किल हो रहा है।
बैठक में पवन बंसल, गिरीश चंद्र गोयल, त्रिलोक चंद शर्मा, राजेश गोयल, राजीव गुप्ता, नीतू अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, डीके जैन, सचिन गर्ग एडवोकेट, अंकित पाठक, सौरभ अग्रवाल, नितिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
__________________________________________
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर श्रद्धांजलि
आगरा, 01 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर कचहरी घाट, बांस दरवाजा स्थित गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। सपा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
मुख्य अतिथि समाजसेवी अशोक अग्रवाल ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान समाजवादी कार्यकर्ताओं के हाथों में सत्य, अहिंसा, संविधान और लोकतंत्र से जुड़े नारों के पोस्टर रहे।
कार्यक्रम में सपा दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर, विजय यादव, उस्मान अब्बास एडवोकेट, शिवकुमार गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, सचिन गुप्ता, जीनिश अग्रवाल, कान्हा अग्रवाल, परवेज खान, आसिफ अली, विमल वाल्मीकि, हिमांशु यादव, भानु प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
__________________________________________
डॉ. महेश भार्गव स्मृति समारोह में पुस्तक विमोचन और राष्ट्रीय कवि सम्मेलन
आगरा, 01 अक्टूबर। डॉ. राजकुमार रंजन के संयोजन में नागरी प्रचारिणी पुस्तकालय भवन में डॉ. महेश भार्गव स्मृति समारोह के तहत पुस्तक विमोचन और राष्ट्रीय कवि सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
समारोह में कवि, शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद् मुन्ना लाल मिश्रा 'धुआँधार' को मुख्य अतिथि महेंद्र कुमार गोयल और रामेन्द्र त्रिपाठी के हाथों डॉ. महेश भार्गव स्मृति सम्मान प्रदान किया गया।
वरिष्ठ गीतकार डॉ. राघवेन्द्र शर्मा की नई गीत कृति ‘चुटकी भर चाँदनी’ का विमोचन मुख्य अतिथि महेन्द्र गोयल, डॉ. वेद त्रिपाठी और अंतरराष्ट्रीय गीतकार रामेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने किया। इस दौरान कवि राजबहादुर राज, डॉ. राजकुमार रंजन और डॉ. केशव शर्मा ने कृति के सामाजिक और राष्ट्रीय संदर्भों पर विचार रखे और गीतों की सराहना की।
रामेन्द्र मोहन त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुए कवि सम्मेलन में मंजुल मयंक ने व्यंग्य में सुनाया -
_एक प्रश्न हवा में उछला, खाना कब खाया जाय... अमीर को भूख लगने पर, गरीब को जब मिल जाय_
शिवसागर शर्मा के गीत _आलिंगन को व्याकुल हैं चारों मीनारें ताज की..._ ने समा बांधा। धौलपुर से आईं कवयित्री ने हिंदी वंदना से मंत्रमुग्ध किया। डॉ. राजकुमार रंजन ने सामाजिक विद्रूपताओं पर गीत सुनाया - _हँसी यहाँ गायब है मुक्त कंठ वाली..._
गजलकार अरविन्द समीर की गजल _बेकरारी के आलम में करार आ जाए..._ खूब सराही गई। इसके अलावा रमेश पंडित, शीलेंद्र वशिष्ठ, मीना शर्मा, रजनीकान्त लवानिया, राजबहादुर सिंह राज, डॉ. केशव शर्मा आदि ने काव्य पाठ किया।
इस मौके पर सुनयन शर्मा, ओम ठाकुर, डॉ. कृष्ण कुमार सिंह, राहुल राज, रघुराज सिंह सिसौदिया मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन संस्था अध्यक्ष अरुण रावत ने किया।
__________________________________________
आगरा में 'सीता रसोई' शुरू, मात्र 1 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन
आगरा, 01 अक्टूबर। गरीब और जरूरतमंदों को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराने के लिए हेल्प इंडिया फाउंडेशन ने रावली मंदिर चौराहे, एसबीआई बैंक के सामने ‘सीता रसोई’ का शुभारंभ किया। यहां महज 1
एक रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा।
रसोई का उद्घाटन सपा नेता एवं आगरा दक्षिण के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल और नीलम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन पी.के. उप्पल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के दौरान विनय अग्रवाल ने वीआईपी संस्कृति छोड़ जमीन पर बैठकर गरीबों के साथ भोजन किया। उन्होंने कहा कि भूखे को भोजन कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है। समाजवादी पार्टी जमीन से जुड़ी है और आगे भी जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहेगी। उन्होंने सक्षम लोगों से भी इस पहल में सहयोग की अपील की।
इस मौके पर हिमांशु यादव, सचिव उदितकांत शर्मा, महासचिव अनूप बंसल, अध्यक्ष अश्वनी कुमार, उपाध्यक्ष मोहम्मद फरहान, कोषाध्यक्ष दिव्यकान्त शर्मा समेत आकाश, प्रवीन, प्रवेंद्र, धमेंद्र, मनीष अग्रवाल और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments