शादी के छह माह बाद ही फंदे पर लटकी मिली विवाहिता, ससुरालीजनों के घर का ताला लगाकर भागने पर भड़के मायके वाले
आगरा, 02 सितंबर। थाना हरिपर्वत के नगला छिद्दा में शादी के छह महीने बाद ही नवविवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान ससुरालीजनों के घर पर ताला डालकर भाग जाने से मायके वालों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर उन्हें मृतका की अंत्येष्टि के लिए राजी किया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नरीपुरा, शाहगंज निवासी संजना (22 वर्ष) की शादी छह माह पूर्व 29 वर्षीय अमन से हुई थी। अमन गुरुग्राम में वन स्टेप कंपनी में नौकरी करता है। बुधवार की सुबह संजना का शव ससुराल में फंदे पर लटका मिला।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पास से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की बात लिखी है। सुसाइड की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। वे सुसाइड नोट मिलने की बात से संतुष्ट नजर नहीं आए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाने लगे।
पुलिस ने किसी प्रकार उन्हें शांत कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद जब मायके वाले शव लेकर ससुराल पहुंचे तो वहां सन्नाटा पसरा था। ससुरालीजन घर पर ताला लगाकर पहले ही फरार हो चुके थे। इससे परिजनों का गुस्सा भड़क गया। हरिपर्वत थाने की पुलिस ने जैसे-तैसे मायके वालों को समझाकर मृतका के अंतिम संस्कार के लिए राजी किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments