दुकान में काम कर चुका निशू भी शामिल था व्यापारी से लूट में! कमलानगर में हुई वारदात का खुलासा, 1.02 लाख रुपये समेत तीन गिरफ्तार

आगरा, 30 अगस्त। कमला नगर क्षेत्र में व्यापारी से हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनका एक साथ अभी फरार है। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों में से एक पहले व्यापारी की दुकान पर नौकरी कर चुका है और उसे व्यापारी की कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 1.02 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
एडिशनल डीसीपी सिटी/क्राइम हिमांशु गौरव ने मीडिया को बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त की रात मनकामेश्वर मंदिर गली के पूजन सामग्री के व्यापारी आनंद गुप्ता से कमलानगर में उनके घर के निकट लूट की वारदात हुई थी। घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था। आरोपियों ने पहले व्यापारी की दिनचर्या और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई, जिसके बाद रास्ते में उसे निशाना बनाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सागर और रजत ने मोटरसाइकिल से व्यापारी का पीछा किया। मौका मिलते ही दोनों ने बाइक से ओवरटेक कर व्यापारी को रोका और उसका बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। लूट की घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न सुरागों के आधार पर कार्रवाई की। 
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात से पहले व्यापारी आनंद गुप्ता की दिनचर्या की जानकारी जुटाई गई थी। इसमें निशू और गोलू की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक निशू पहले आनंद गुप्ता की दुकान पर काम करता था, जिसके कारण उसे व्यापारी की दिनचर्या और गतिविधियों की जानकारी थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल कथित तौर पर लूट की योजना बनाने में किया गया।
पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने वारदात के पीछे की वजह भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी सागर की कपड़ों की दुकान थी, लेकिन वह कर्ज में डूब गया था। आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने के दबाव के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी को लूटने की योजना बनाई। 
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी गोलू अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक और व्यापारी को भी निशाना बनाने की थी तैयारी
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी कथित तौर पर एक अन्य कपड़ा व्यापारी को भी निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि इससे पहले ही पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments