फलों के बकाया दो हजार रुपये को लेकर खूनी विवाद, ठेल वाले की मौत, दो गिरफ्तार

आगरा, 13 सितम्बर। बुंदू कटरा में फलों के बकाए पैसों को लेकर हुआ मामूली विवाद एक युवक की जान ले गया। ठेल पर फल बेचने वाले 24 वर्षीय रॉकी की बेरहमी से पिटाई के बाद शनिवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर फल सप्लायर विजेंद्र और उसके साथी गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक रॉकी बुंदू कटरा का रहने वाला था और ठेल पर फल बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह सेवला सराय निवासी विजेंद्र से फल उधार लेता था। पुलिस के मुताबिक रॉकी पर फलों के लगभग दो हजार रुपये बकाया थे। इसी को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से कहासुनी चल रही थी।
आरोप है कि 5-6 दिन पहले विजेंद्र अपने साथी गजेंद्र के साथ रॉकी के ठेल पर पहुंचा और बकाया रकम मांगी। रॉकी ने कुछ दिन की मोहलत मांगी तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ने रॉकी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया।
   
घायल अवस्था में परिजन उसे पहले निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां करीब एक सप्ताह तक वह जिंदगी और मौत से जूझता रहा, लेकिन शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
एसीपी सदर अमीषा सिंह ने मीडिया को बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर थाना छत्ता में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों विजेंद्र और गजेंद्र निवासी सेवला सराय को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments