यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा: ट्रक में घुसी स्लीपर बस, ड्राइवर समेत दो की मौत, छह घायल

आगरा, 13 सितम्बर। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात करीब दो बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। खंदौली थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 149 के पास नोएडा से गोंडा जा रही सवारियों से भरी प्राइवेट स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर एसीपी एत्मादपुर सहित खंदौली पुलिस और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मृतकों की पहचान बस चालक अजय पुत्र बलराम सिंह निवासी नगला इंच, थाना जसराना, फिरोजाबाद और बस में सवार अनुज (25) पुत्र रामधीरज निवासी बलीपुर भोप, थाना बालपुर, जिला गोंडा के रूप में हुई है। अनुज हरियाणा के बहादुरगढ़ में मजदूरी करता था और काम खत्म कर घर लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे ने उसकी जान ले ली।
   
हादसे में अरुण निवासी वर्षापुर गोंडा, गंगाशरण निवासी दूलापुर तरहर गोंडा, भीमसेन निवासी बजाजगढ़ उमड़ी बेगमपुर गोंडा, अजय और उमेश दोनों निवासी नंदनगर अचानकपुर बलरामपुर और नंदलाल घायल हुए हैं। सभी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालकर दूसरे वाहनों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
_______________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments