पुलिस बनी फरिश्ता, कार में बेसुध युवक की बचाई जान

आगरा, 13 सितम्बर। सिकंदरा थाना क्षेत्र के सुनारी चौराहे पर पुलिस की तत्परता से एक युवक की जान बच गई। कार में बेसुध पड़े युवक ने कथित तौर पर ब्लेड से दोनों हाथों की नसें काटकर जान देने की कोशिश की थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर की है। प्राची टावर चौकी प्रभारी कपिल कुमार गश्त पर थे। तभी सुनारी चौराहे के पास उन्हें एक कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। अंदर झांकने पर एक युवक बेसुध पड़ा था, दोनों हाथों से खून बह रहा था। स्थिति को समझते हुए चौकी प्रभारी ने तत्काल कार का शीशा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बिना देर किए उसे यथार्थ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
   
पुलिस को कार की तलाशी में एक ब्लेड और दराज से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। आधार कार्ड के आधार पर युवक की पहचान किरावली निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी। पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर आत्महत्या के प्रयास के कारणों की जांच कर रही है।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments