कमलानगर की वृद्धा में स्वाइन फ्लू की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप

आगरा, 02 सितम्बर। जिले में स्वाइन फ्लू ने इस मौसम में पहली बार दस्तक दे दी है। कमला नगर निवासी एक वृद्धा में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। 
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वृद्धा को चार-पांच दिन से तेज बुखार आ रहा था। निजी चिकित्सक से इलाज के बाद भी आराम नहीं मिला तो बुधवार को एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में दिखाया। प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत ने मीडिया को बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान सांस फूलने और तेज बुखार जैसे गंभीर लक्षण मिलने पर वायरोलॉजी लैब में जांच कराई गई, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मरीज को घर में ही आइसोलेट कर इलाज शुरू करा दिया गया। परिजनों को भी आइसोलेट किया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। यह इस साल का पहला मामला है। रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। हालत में सुधार न होने पर मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया जाएगा।
स्वाइन फ्लू के लक्षणों में तेज बुखार, खांसी-जुकाम, गले में खराश, ठंड लगना, शरीर व सिर में तेज दर्द, अत्यधिक थकान, सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द आदि शामिल हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि मरीज को बुखार होने पर आराम करना चाहिए, सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचना चाहिए, खांसते-छींकते समय मुंह पर रुमाल रखना चाहिए, हाथों को बार-बार धोना और मास्क का प्रयोग करना चाहिए।
______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments