ड्रैगन हाउस कैफे पर पुलिस का छापा, अवैध हुक्का बार की शिकायत पर मचा हड़कंप
आगरा, 02 सितम्बर। थाना ताजगंज क्षेत्र में फतेहाबाद रोड स्थित ड्रैगन हाउस कैफे में बुधवार की दोपहर पुलिस की अचानक दबिश से हड़कंप मच गया। अवैध हुक्का बार संचालित होने और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने भारी फोर्स के साथ घेराबंदी कर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ताजगंज पुलिस को पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि कैफे की आड़ में अवैध रूप से हुक्का बार चलाया जा रहा है और देर रात तक संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अचानक छापा मारा।
पुलिस के बड़ी संख्या में पहुंचते ही कैफे में मौजूद ग्राहकों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बाहर निकलकर भागने लगे। पुलिस ने पूरे कैफे को घेर लिया और अंदर के केबिन, किचन, स्टोर रूम समेत हर हिस्से की बारीकी से जांच की। आसपास के परिसर को भी खंगाला गया।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस को मौके से हुक्का से जुड़े कुछ उपकरण मिलने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ताजगंज पुलिस का कहना है कि कैफे से जुड़ी सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है। सर्च अभियान के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कैफे संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।
फतेहाबाद रोड पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां कैफे और रेस्टोरेंट की भरमार है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अन्य कैफे संचालकों में भी खलबली मची हुई है और इलाके में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
__________________________________________

Post a Comment
0 Comments