तीन करोड़ की कोडीन सीरप तस्करी: सरगना को एसटीएफ ने आगरा से दबोचा

आगरा, 07 सितंबर। करीब तीन करोड़ रुपये की प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सीरप तस्करी में एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर पकड़ी गई 250 पेटी ONEREX सीरप खेप के मामले में एसटीएफ ने कथित सरगना प्रियांशु गुप्ता उर्फ किशन को आगरा से गिरफ्तार किया है। बरामद खेप में करीब 30 हजार शीशियां थीं।
फर्जी बिल और बोगस एजेंसियों का खेल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जांच में सामने आया कि तस्करी सामान्य सप्लाई चेन की आड़ में हो रही थी। फर्जी जीएसटी बिल और बोगस मेडिकल एजेंसियों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सिरप को अलग-अलग जिलों में भेजा जा रहा था।
एसटीएफ ने जब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 250 पेटी सिरप पकड़ी, तभी से पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही थीं। दस्तावेजों की जांच में बिलिंग घोटाले की परतें खुलीं।
रैपर बदलकर किराना स्टोर तक सप्लाई
आरोप है कि सीरप के रैपर बदलकर उसे सामान्य प्रोडक्ट दिखाया जाता था और फिर मेडिकल दुकानों के साथ-साथ किराना और जनरल स्टोर तक पहुंचाया जाता था। नशे के लिए इसका अवैध इस्तेमाल होता है।
सरगना से खुलेंगे राज
प्रियांशु की गिरफ्तारी को जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। एसटीएफ अब उससे पूछताछ कर फाइनेंसर, सप्लायर, ट्रांसपोर्टर और स्थानीय नेटवर्क का पता लगा रही है। एजेंसी यह भी जांच रही है कि सीरप का असली स्रोत कहां था और इसका नेटवर्क किन राज्यों तक फैला है। एसटीएफ का कहना है कि दवा कारोबार की आड़ में चल रहे इस सिंडिकेट पर आगे भी बड़ी कार्रवाई होगी।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments