Agra News: खबरें आगरा की......

दिल्ली हादसे में मृत हुए बच्चों के प्रति श्रद्धांजलि
आगरा, 07 सितम्बर। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने सोमवार को एक बैठक में नई दिल्ली स्थित सत्य निकेतन पी.जी में हुए हादसे में मृत हुए बच्चों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की, साथ ही जो बच्चे अभी मलबे में दबे हुए हैं उनको जल्द से जल्द निकालने के लिए प्रभावी कदम उठाने की प्रधानमंत्री से अपील की।
बैठक के सरकार से मांग की गई कि इस प्रकार की जितनी भी अनधिकृत इमारते हैं उनका सत्यापन कराया जाए। संगठन ने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को पी.जी/हॉस्टल में रखने से पूर्व इस प्रकार की इमारत का सत्यापन स्वयं भी करें।
शोक व्यक्त करने वालों में आगरा मंडल व्यापार संगठन के गिरीश गोयल, त्रिलोक चंद शर्मा, रिंकू अग्रवाल, प्रदीप लूथरा, नीतू अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अंकित पाठक थे।
__________________________________________
ग्रह नक्षत्रों की दशा बदलने के प्रभाव बताए
आगरा, 07 सितम्बर। जीवनी मंडी स्थित नेशनल चैम्बर सभागार में सोमवार को हुई बैठक में ज्योतिषाचार्य सैयद इमरान अली ने बताया कि ग्रह नक्षत्रों की दशा बदलने से हमारे व्यापार, परिवार व हमारे स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है।
चैम्बर की अध्यक्षता अध्यक्ष मनोज बंसल ने की। सदस्यों द्वारा अपनी समस्याओं के बारे में समाधान प्राप्त कर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया गया। बैठक में नितेश अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, श्रीकिशन गोयल, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा आदि उपस्थित थे। 
__________________________________________
आईएमए के चुनाव 27 सितम्बर को 
आगरा, 07 सितम्बर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की जिला शाखा के अध्यक्ष डॉ पंकज नगायच बताया कि शाखा  के चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।
अन्य चुनाव अधिकारी डा अनूप दीक्षित, डा मुकेश गोयल, डा ओ पी यादव , डा राजीव उपाध्याय को बनाया गया है। नामांकन प्रक्रिया तीन सितंबर से प्रारंभ हो चुकी है। दस सितंबर को शाम पांच बजे तक नामांकन किए जायेंगे। प्रत्याशियों को सूची की 13 सितम्बर को लगायी जाएगी। नाम वापसी 20 सितम्बर तक होगी। चुनाव 27 सितम्बर को आईएमए भवन पर होंगे। उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। 
__________________________________________
इप्टा ने मंचित किया ‘रामी’, दिया पर्यावरण संदेश
आगरा, 07 सितंबर। भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) ने माथुर वैश्य सभा भवन में विगत दिवस नाटक ‘रामी’ का मंचन किया। जोधपुर के लेखक सत्यनारायण की कहानी का रूपांतरण व निर्देशन दिलीप रघुवंशी ने किया।
कहानी बंजारन बच्ची रामी की है, जो प्रकृति से प्रेम करती है। सत्या नामक बच्चे से उसकी दोस्ती होती है। पिता के ट्रांसफर से दोनों बिछड़ते हैं। 20 साल बाद सत्या लौटता है तो देखता है कि प्राकृतिक सौंदर्य शहरीकरण की भेंट चढ़ गया और रामी प्रकृति बचाने में जान दे देती है। नाटक ने ‘रुकें कुल्हाड़ी, बढ़े हरियाली’ का संदेश दिया।
कहानीकार सत्यनारायण जोधपुर से आए। प्रो. ज्योत्सना रघुवंशी ने इप्टा के इतिहास पर प्रकाश डाला। संयोजक नीरज मिश्रा व अध्यक्ष सुबोध गोयल ने अतिथियों का सम्मान किया। निवेदिता (रामी), रविंदर (सत्या), असलम खान (सूत्रधार), जय कुमार, पार्थो घोष, पूजा पाराशर ने जीवंत अभिनय किया। संगीत सिद्धार्थ रघुवंशी व परमानंद शर्मा, पार्श्व स्वर कुमकुम रघुवंशी का रहा। अंत में कलाकारों को पुरस्कृत किया गया।
__________________________________________
टूरिज्म गिल्ड ऑफ़ आगरा के चुनाव सम्पन्न 
आगरा, 07 सितम्बर। फतेहाबाद रोड के निकट स्थित एक होटल सोमवार को 'टूरिज्म गिल्ड ऑफ़ आगरा' के चुनाव हुए।
वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए 'टूरिज्म गिल्ड ऑफ़ आगरा' के लिए अमूल्य कक्कड़ - अध्यक्ष, राजेश शर्मा - उपाध्यक्ष, जय सहगल - सचिव, अनुराग शर्मा - संयोजक
सुश्री रुचिरा माथुर - कोषाध्यक्ष चुने गये।
__________________________________________
खनिज के अवैध परिवहन पर सख्ती, बिना नंबर प्लेट वाहन होंगे सीज: डीएम
आगरा, 07 सितंबर। बिना नंबर प्लेट, बिना HSRP, ओवरलोड और बिना रॉयल्टी वाले खनिज वाहनों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम मनीष बंसल की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की बैठक में निर्देश दिए गए।
डीएम ने खनन, परिवहन, पुलिस, वन व राजस्व विभाग को संयुक्त अभियान चलाने को कहा। सीमा क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर रोस्टर बनाकर नाका चेकिंग के निर्देश दिए। बिना नंबर प्लेट, HSRP के बिना या छेड़छाड़ कर चलने वाले वाहनों का चालान, सीज और जरूरत पर एफआईआर के निर्देश दिए। 
ओवरलोड वाहनों का डेटा तैयार कर समीक्षा होगी। खनन अनुमतियां ऑनलाइन ही जारी होंगी। अनुमति से पहले और बाद में ड्रोन सर्वे व फोटोग्राफी होगी। चंबल अभयारण्य में अवैध खनन रोकने को सीसीटीवी व कंट्रोल रूम सक्रिय करने को कहा। बैठक में एडीएम संदीप वर्मा, डीएफओ राजेश कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
__________________________________________
मधुमेह-उच्च रक्तचाप से बढ़ रहा किडनी रोग, युवाओं में भी केस
आगरा, 07 सितंबर। मधुमेह और उच्च रक्तचाप के साथ किडनी रोग तेजी से बढ़ा है। रोग शुरुआती चरण में लक्षण नहीं देता, इसलिए मरीज एडवांस स्टेज में पहुंच रहे हैं और डायलिसिस मरीजों का दबाव बढ़ा है।
फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आगरा नेफ्रोलॉजिकल फोरम की कार्यशाला में विशेषज्ञों ने कहा कि जागरूकता और नियमित जांच से गंभीर नुकसान रोका जा सकता है। डॉ. तरुण मित्तल ने बताया युवाओं में केस बढ़े हैं। गर्भावस्था और वायरल संक्रमण में भी किडनी प्रभावित हो सकती है। एसएन के डॉ. अपूर्व जैन ने कहा लक्षणों का इंतजार भारी पड़ता है, तब डायलिसिस या ट्रांसप्लांट ही विकल्प बचता है। डॉ. एके गुप्ता ने कहा फिजीशियन को शुगर-BP मरीजों की किडनी जांच पर जोर देना चाहिए। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने एसएन के पहले सफल ट्रांसप्लांट के अनुभव साझा किए।
कार्यशाला में डॉ. संजीव गुलाटी, डॉ. धर्मेंद्र भदौरिया, डॉ. अनुराग गुप्ता, प्रो. नारायण प्रसाद मौजूद रहे।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments