महावीर नाले पर बनी जर्जर दुकानों पर चला बुलडोजर, आठ जुलाई हादसे के बाद जागा नगर निगम

आगरा, 02 सितंबर। शहर के व्यस्ततम सुभाष बाजार स्थित महावीर नाले पर बनी अवैध और जर्जर दुकानों के खिलाफ आखिरकार नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। बुधवार को प्रवर्तन टीम भारी पुलिस बल के साथ पोकलेन और जेसीबी लेकर ध्वस्तीकरण करने पहुंची।
यह कार्रवाई विगत आठ जुलाई को हुए दर्दनाक हादसे के बाद की जा रही है, जिसमें एक जर्जर दुकान गिरने से एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई थी। हादसे के बाद नगर निगम की जांच में खुलासा हुआ था कि नाले के ऊपर बने स्लैब बेहद कमजोर हो चुके हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सुरक्षा को देखते हुए निगम ने नाले पर बनी सात दुकानों को चिन्हित कर खाली करने का अल्टीमेटम दिया था।
नोटिस के बाद तीन दुकानदारों ने खुद ही दुकानें खाली कर दी थीं, जबकि चार ने सामान हटाने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। समय सीमा खत्म होते ही निगम का दस्ता कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचा।
अधिकारियों का कहना है कि जनहानि रोकने के लिए खतरनाक निर्माण हटाना जरूरी है और नाले-नालियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments