खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दी व्यापारियों को हिदायत- जन्माष्टमी व्रत में प्रयोग होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का ध्यान रखें
आगरा, 02 सितंबर। जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बुधवार को दरेसी नंबर-1 होटल अजय इंटरनेशनल पर व्यापार मंडल दरेसी एवं स्थानीय कारोबारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में त्योहार के दौरान व्रत में प्रयोग होने वाले खाद्य पदार्थों, विशेष रूप से कुट्टू के आटे, की गुणवत्ता, निर्माण, पैकिंग एवं बिक्री को लेकर व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जन्माष्टमी के दौरान कुट्टू के आटे की मांग काफी बढ़ जाती है। बारिश के मौसम में नमी के कारण कुट्टू का आटा जल्दी खराब हो सकता है तथा उसमें कीड़े लगने की संभावना भी रहती है। ऐसे में व्यापारी आटे के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता और एक्सपायरी का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावटी अथवा खराब खाद्य सामग्री का विक्रय न करें।
एफएसओ गजेंद्र सिंह ने खाद्य प्रतिष्ठानों में लाइसेंस संबंधी आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देते हुए दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, पैकिंग एवं विक्रय में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
दरेसी नंबर-1 व्यापार समिति के अध्यक्ष राजकुमार गुरनानी ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि व्यापार मंडल एवं सभी व्यापारी विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे तथा ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग करेंगे।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान व्रत में प्रयोग किए जाने वाले कुट्टू के आटे एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, पैकिंग, भंडारण एवं विक्रय के संबंध में व्यापारियों एवं आम नागरिकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
बैठक में गोपाल पुरसनानी, रवि लालवानी, श्रीचंद गुलवानी, निखिल मतलानी राजकुमार बंसल सुरेश बाबानी सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments