कमलानगर के अपार्टमेंट में लगी आग, पीवीसी पैनलों से और भड़की, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

आगरा, 29 सितम्बर। कमलानगर अग्रसेन सेवा सदन पर त्रिवेणी नगर के निकट स्थित रेणुका धाम के तुलसी अपार्टमेंट में मंगलवार की दोपहर एक फ्लैट में आग लग गई। आग लगने से फ्लैट में और आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और वे घरों से निकल कर बाहर की ओर दौड़ पड़े। 
कुछ लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें बढ़ती गईं। आग फैलती देख किसी राहगीर ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में घर का अधिकांश सामान जल गया। 
संजय प्लेस फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि फायर ब्रिगेड को करीब दो बजकर दस मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। तुरंत ही दमकलें मौके के लिए रवाना हो गईं। दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। 
 
यह आग चार मंजिला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 203 में रहने वाले विजय शर्मा के यहां लगी। विजय शर्मा फाउंड्री नगर स्थित एक फर्म के नौकरी करते हैं। घटना के समय वे घर पर नहीं थे। आग में फ्लैट का अधिकांश सामान जलकर तबाह हो गया। घटना के समय फ्लैट में सो रही बच्ची की पुलिस की तत्परता से जान बच गई। घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। चीख-पुकार सुनकर कॉलोनीवासी मदद के लिए दौड़े और महिलाओं को बाहर निकाला। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। दोपहर करीब दो बजे अचानक फ्लैट में आग की लपटें उठने लगीं। फ्लैट में पीवीसी पैनल लगे होने से आग तेजी से फैल गई। फायर ब्रिगेड के आने और आग पर काबू पाने तक घर का काफी सामान आग की भेंट चढ़ गया।
अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि अपार्टमेंट में अग्निशमन के कोई उपाय मौजूद नहीं थे। उन्होंने अपार्टमेंट निवासियों को इसके लिए आगाह किया और वैकल्पिक इंतजाम रखने को कहा।
__________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments