एत्मादपुर में ट्रॉला ने बाइक सवार दंपत्ति को रौंदा, पति की मौत, पत्नी गंभीर
आगरा, 13 सितंबर। एत्मादपुर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे बाइक सवार व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, छलेसर पुलिस चौकी क्षेत्र में इनर रिंग रोड के लखनऊ कट पर सड़क किनारे खड़े बाइक सवार दंपत्ति को तेज रफ्तार ट्रॉला ने रौंद दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में थाना खंदौली के गांव वास अगरिया निवासी 57 वर्षीय उमेश चंद्र शर्मा की मौत हो गई। उनकी पत्नी नीरज देवी गंभीर घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह ने मीडिया से कहा कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के रिश्तेदार भूपेंद्र ने पुलिस को बताया कि पेशे से किसान उसके फूफा उमेश चंद्र, बुआ नीरज देवी के साथ फतेहाबाद के गांव मढेना में एक गमी में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments