दैनिक उपयोग की विद्युत सामग्री पर जीएसटी 5% करे सरकार - बिजली व्यापारियों के प्रदेश सम्मेलन में उठी मांग
आगरा, 13 सितम्बर। इलेक्ट्रिकल कांट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी सभा और विद्युत व्यापार मेले का आयोजन रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित हैवंस गार्डन में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग ने फीता काटकर किया। सुबह से देर रात तक चले एक्सपो में 60 स्टालों पर विद्युत उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिन्हें देखने के लिए व्यापारियों और शहरवासियों की भीड़ लगी रही।
यूपी बना उद्योग का आकर्षण केंद्र - राकेश गर्ग
मुख्य अतिथि राकेश गर्ग ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था और उद्योग प्रोत्साहन नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश आज देश में उद्योग के लिए सबसे आकर्षक केंद्र बन गया है। प्रदेश उत्पादन में तेजी से आगे बढ़ रहा है और एक ट्रिलियन इकोनॉमी की ओर बढ़ रहा है, जबकि देश की इकोनॉमी चार ट्रिलियन की है।
प्रदेश अध्यक्ष ने की GST घटाने की मांग
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने सरकार से मांग की कि आम उपभोक्ताओं के दैनिक उपयोग की विद्युत सामग्री पर जीएसटी दर 12% और 18% से घटाकर 5% की जाए। उन्होंने उपभोक्ताओं से आईएसआई मार्क वाले उत्पाद ही उपयोग करने और शादी-समारोह में अस्थाई वायरिंग का काम लाइसेंस प्राप्त ठेकेदार से ही कराने की अपील की, ताकि शॉर्ट सर्किट से होने वाले हादसों को रोका जा सके।
प्रदेश महामंत्री संजीव चांदना ने कहा कि पहले बिजली आती नहीं थी, अब जाती नहीं है। सरकार द्वारा निर्बाध आपूर्ति और भयमुक्त व्यापार के माहौल से पिछले 12 वर्षों में विद्युत उत्पादों की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने गरीबों के घरों में लगने वाली विद्युत सामग्री पर भी 5% जीएसटी की मांग की।
आगरा संगठन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने अध्यक्षता करते हुए ऑनलाइन ट्रेडिंग पर रोक लगाने और एकजुटता की अपील की।
कार्यक्रम में संगठन के इतिहास और नियमावली का विमोचन, वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और दाल-बाटी भोज का आयोजन हुआ। शुभारंभ शंभू नाथ भार्गव के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। संचालन महासचिव राकेश गुप्ता, वरिष्ठ सलाहकार हरेश अग्रवाल और उपाध्यक्ष स्वदेश बंसल ने किया।
इस मौके पर प्रदेश संरक्षक महेश चंद शर्मा, हरि गोपाल शर्मा, आगरा संरक्षक चंद्र मोहन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments