पेशी पर दीवानी लाए गए हिस्ट्रीशीटर जिम्मी चौधरी की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आगरा, 08 सितंबर। जिला जेल से पेशी पर जनपद न्यायालय दीवानी परिसर में लाए गए हिस्ट्रीशीटर जिम्मी चौधरी की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह ताजगंज में फायरिंग के मामले में जेल में बंद था। मौत की वजह पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी।
जिम्मी चौधरी सिकंदरा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। फायरिंग, मारपीट, धमकी और दबंगई के मामलों में उसका नाम सुर्खियों में रहा है।
वर्ष 2019 में वह तब चर्चा में आया जब जमानत पर बाहर आने के बाद हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आरोप है कि जमानत की खुशी में फायरिंग कर वीडियो अपलोड किया था। इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
वर्ष 2023 में सिकंदरा की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-11 में दुकानदार से विवाद का मामला सामने आया। आरोप था कि सामान लेकर रुपये नहीं दिए और पैसे मांगने पर दुकानदार के बेटे को धमकाया। अगले दिन साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ की। शोर सुनकर भीड़ ने उसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। दुकानदार ने हत्या की धमकी का आरोप भी लगाया था।
ताजगंज थाने के फायरिंग मामले में वह जेल में था। मंगलवार को पेशी के दौरान दीवानी परिसर में तबीयत बिगड़ने से मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments