आगरा में सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, फर्जी मुहरें बरामद
आगरा, 18 सितम्बर। बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह पर एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने सक्रिय सदस्य राधे मीना को छत्ता थाना क्षेत्र में हाथीघाट के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से सात सरकारी विभागों की फर्जी मुहरें और रेलवे के दो कूटरचित नियुक्ति पत्र बरामद हुए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एसटीएफ ने जानकारी दी कि आरोपी सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था और फर्जी नियुक्ति पत्र देता था। आरोपी ने आगरा के दो लोगों से नौकरी के नाम पर रुपये लिए थे। बाकी बचे 2 लाख रुपये लेने वह आगरा आया था, तभी एसटीएफ ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
बरामद मुहरों और नियुक्ति पत्रों से पता चल रहा है कि गिरोह बड़े स्तर पर कूटरचना कर रहा था। एसटीएफ अब पता लगा रही है कि कितने लोगों को ठगा गया और गिरोह में और कौन शामिल है। जांच में सामने आया कि राधे मीना के खिलाफ राजस्थान में भी ठगी और कूटरचना के मुकदमे दर्ज हैं। उसके पुराने रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
रेलवे ने भी अपील की है कि भर्ती केवल अधिकृत बोर्डों से होती है, फर्जी नियुक्ति पत्रों के झांसे में न आएं।

Post a Comment
0 Comments