पॉक्सो का आरोपी किरावली के पास चलती ट्रेन से कूदा, फरार; तीन पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का केस
आगरा, 07 सितंबर। गुजरात से मिर्जापुर लाया जा रहा पॉक्सो एक्ट का आरोपी आगरा में शृंगारपुर और किरावली रेलवे स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। आरोपी मिर्जापुर में नाबालिग से जुड़े मामले में वांछित था।
इस मामले में मिर्जापुर पुलिस के उपनिरीक्षक ने आगरा जीआरपी थाना फोर्ट में आरोपी के फरार होने और साथ तैनात तीन पुलिसकर्मियों की लापरवाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मिर्जापुर के थाना पड़री में तैनात उपनिरीक्षक जयप्रकाश ने तहरीर में बताया कि थाना पड़री पर दर्ज मुकदमे की विवेचना में एसआई विजय शंकर यादव, महिला हेड कॉन्स्टेबल गीता और कॉन्स्टेबल नीरज कुमार दो सितंबर को नाबालिग पीड़िता और आरोपी सूरज कुमार पांडेय उर्फ हर्ष पांडेय की तलाश में सूरत के थाना उमरा गए थे।
सूरत पुलिस के सहयोग से पीड़िता और आरोपी दोनों बरामद कर लिए गए। पुलिस टीम दोनों को लेकर चार सितंबर को उधना स्टेशन से मधुबनी एक्सप्रेस से मिर्जापुर आ रही थी। तहरीर के मुताबिक आगरा के शृंगारपुर और किरावली के बीच रात करीब 12:30 बजे आरोपी सूरज चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। एसआई विजय शंकर ने काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद आरक्षी नीरज और महिला कॉन्स्टेबल गीता पीड़िता को लेकर 5 सितंबर को पड़री थाने पहुंच गए। तहरीर में कहा गया है कि तीनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही से आरोपी फरार हुआ।
जीआरपी थाना फोर्ट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments