Agra News: खबरें आगरा की.......

हिंदी दिवस पर मनाया गया गणेशोत्सव हर्षोल्लास
आगरा, 14 सितंबर। स्वामी लीला शाह सरस्वती शिशु मंदिर, सोरों कटरा, शाहगंज में गणेश चतुर्थी व हिंदी दिवस पर गणेशोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। शुभारंभ गणपति व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ।
विशिष्ट अतिथि एसएन गर्ग, संस्कार भारती मंत्री नीता गर्ग, लेखिका भावना वरदान शर्मा, दीपा गोस्वामी व हेमलता रहीं। बच्चों ने इको-फ्रेंडली व मिट्टी के गणेश की मनमोहक झांकियां सजाईं।
प्रधानाचार्य गिर्राज दीक्षित ने कहा- गणेश बुद्धि व शुभ के देवता हैं। भावना वरदान ने बताया- 14 सितंबर 1949 को हिंदी को राजभाषा दर्जा मिला, उन्होंने भारतेंदु की पंक्ति सुनाई- "निज भाषा उन्नति अहै।" दीपा गोस्वामी ने एकदंत कथा सुनाई। डॉ. राम प्रकाश चतुर्वेदी ने कविता सुनाई- "हिंदी बड़ी भाषा, ये ही सबकी नानी है"। कार्यक्रम में कविता दीक्षित, ललिता, रश्मि, अलका, भूमि, सुधा, छात्र व अभिभावक रहे। अंत में बच्चों को पुरस्कृत कर प्रसाद वितरण हुआ।
_______________________________________
आजमगढ़ ने जीता सब-जूनियर फुटबॉल खिताब
आगरा, 14 सितंबर। एकलव्य स्टेडियम में खेल निदेशालय व यूपी फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित प्रदेशीय सब-जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता (7-14 सितंबर) के फाइनल में आजमगढ़ मंडल ने स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को 2-1 से हराकर खिताब जीता।
आजमगढ़ के अंकुश ने तीसरे मिनट में पहला गोल किया। 59वें मिनट में लखनऊ के अमन कुमार ने बराबरी की, लेकिन 70वें मिनट में अंकुश ने दूसरा गोल कर जीत पक्की कर दी। 
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी- कृष यादव (लखनऊ), सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर- निकेश यादव (आजमगढ़), सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी- युवराज सिंह (आगरा) रहे।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपीएस बघेल ने पुरस्कार वितरित किए। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा व आगरा फुटबॉल संघ अध्यक्ष बिल्लू चौहान ने स्वागत किया। प्रो. बघेल ने कहा- 2036 ओलंपिक को देखते हुए 2026-36 की कार्ययोजना जरूरी है, दीप्ति शर्मा, ध्रुव जुरेल से प्रेरणा लें। इस मौके पर पार्षद गौरव शर्मा, क्रीड़ाधिकारीगण, निर्णायकगण व खिलाड़ी मौजूद रहे। संचालन हरदीप सिंह ने किया।
_______________________________________
हिंदी दिवस पर देवनागरी और राजा लक्ष्मण सिंह के योगदान पर चर्चा
आगरा, 14 सितम्बर। नागरी प्रचारिणी सभा द्वारा हिंदी-दिवस समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक व हिंदी सेवी डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने कहा- भारतीय भाषाओं में हिंदी ही राष्ट्रभाषा बन सकती है, क्योंकि यह बहुसंख्यकों द्वारा बोली जाती है।
"प्रो. सुरेश चन्द्र शर्मा पुरस्कार" से सम्मानित प्रो. सुनीता रानी (आगरा कॉलेज) ने कहा- राजभाषा हिंदी की संभावनाओं के दोहन के लिए युवाओं की प्रतिबद्धता जरूरी है।
सभापति डॉ. खुशीराम शर्मा ने कहा- लल्लूलाल ने हिंदी गद्य की नींव रखी, राजा लक्ष्मण सिंह ने खड़ी बोली और देवनागरी को परिष्कृत कर संस्कृतनिष्ठ बनाया। मंत्री प्रो. चन्द्रशेखर शर्मा ने कहा- राजा लक्ष्मण सिंह (1826-1896) ने देवनागरी को सुदृढ़ किया और मुद्रण सुगम बनाने के लिए अक्षरों को अलग-अलग छापने की पद्धति दी। उपसभापति प्रो. कमलेश नागर ने कहा- राजा लक्ष्मण सिंह मानते थे कि हिंदी-उर्दू अलग हैं, अरबी-फारसी शब्दों के बिना भी हिंदी बोली जा सकती है। उपसभापति डॉ. विनोद माहेश्वरी ने कहा- देवनागरी वैज्ञानिक लिपि है जिसमें हिंदी, संस्कृत, मराठी, नेपाली, कोंकणी, भोजपुरी लिखी जाती हैं।
   
समारोह में केन्द्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के हिंदीतर छात्रों का सम्मान हुआ। इस मौके पर डॉ. सरोज राय, डॉ. उषा शर्मा सहित कई साहित्यकार मौजूद रहे।
_______________________________________
दयालबाग में गणेशोत्सव का शुभारंभ
आगरा, 14 सितम्बर। दयालबाग गणेश चौक, ऐश्वर्य कॉम्प्लेक्स के सामने 100 फुटा रोड पर द्वितीय विशाल गणेशोत्सव का शुभारंभ भक्तिभाव से हुआ। पं. मनोज पांडेय ने मंत्रोच्चार के साथ गणेश प्रतिमा की स्थापना कराई।
मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, अरविंद महाराज, सुरेश चंद्र गर्ग व डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने माल्यार्पण कर पूजा की और सुख-समृद्धि की कामना की। संयोजक पार्षद भरत शर्मा ने बताया- दयालबाग में गणेश जी का यह दूसरा आगमन है, जनता में उत्साह है। प्रतिदिन सुबह 9 बजे व शाम 8 बजे आरती होगी। मीडिया प्रभारी विशाल सक्सेना ने बताया कि 15 सितंबर को मेहंदी कार्यक्रम होगा। इस मौके पर विजय मोहन गुप्ता, अनुप अग्रवाल, बीडी शर्मा, पार्षद प्रेमदास, अमित दिवाकर, बल्देव बघेल मौजूद रहे।
_______________________________________
खुलेपंख परिवार के शिविर में 81 यूनिट रक्तदान
आगरा, 14 सितंबर। खुले पंख परिवार ट्रस्ट ने रविवार को लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर में द्वितीय रक्तदान शिविर लगाया। 121 पंजीकरण में से 81 लोगों ने रक्तदान किया।
मुख्य अतिथि पुष्कल गुप्ता, डॉ. महेश चौधरी, महंत गोपी गुरु, बबीता पाठक, कथावाचक कृष्णप्रिया व डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। हीमोग्लोबिन कम होने से रक्तदान न कर सके लोगों को भी ट्रस्ट ने ‘मानवता के वीर’ सम्मान दिया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान केंद्र तक पहुंचना भी सेवा है, हमारा उद्देश्य संवेदना जगाना है।
ब्लड बैंक टीम को भी सम्मानित किया गया। ट्रस्ट ने स्वस्थ लोगों से नियमित रक्तदान की अपील की।
_______________________________________
मलिन बस्तियों में नारकीय जीवन, नगर निगम पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस: नम्रता दान
आगरा, 14 सितम्बर। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने विगत दिवस दक्षिण विधानसभा की मलिन बस्तियों का दौरा कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं।
महिलाओं ने बताया कि लंबे समय से सफाई नहीं हुई, सड़कें टूटी हैं, कूड़े के ढेर व दुर्गंध से बच्चे-बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं। शौचालय बदहाल हैं। पार्षद-विधायक ध्यान नहीं दे रहे।
नम्रता दान ने कहा- आगरा मोहब्बत की नगरी है, पर भाजपा राज में हालत नरक जैसी है। मलिन बस्तियों से भेदभाव हो रहा है, सड़कों पर गंदगी बह रही है, नगर निगम अनदेखी कर रहा है। जल्द नगर निगम पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष अश्वनी जैन, अदनान कुरैशी, जगदीश जाटव, पारुल शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
_______________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments