फेसबुक पर तांत्रिक के झांसे में फंसी न्यू आगरा की महिला, 1.62 लाख ठगे, साइबर थाने में केस

आगरा, 14 सितंबर। न्यू आगरा क्षेत्र की निवासी एक महिला को ऑनलाइन तांत्रिक से मदद लेना भारी पड़ गया। तांत्रिक ने महिला को 1,62,800 रुपये का चूना लगा दिया। महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, खुद को गोल्ड मेडलिस्ट तांत्रिक बताने वाले आरोपी ने अनिष्ट का डर दिखाकर अलग-अलग तारीखों में महिला से रकम को वसूली की।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कि फेसबुक पर "पं. देवीलाल तांत्रिक, हरिद्वार" का विज्ञापन देखा था। समस्या समाधान के लिए दिए नंबर पर फोन किया। आरोपी ने पहले विगत दो जुलाई को पूजा के नाम पर 2,200 रुपये खाते में जमा कराए। इसके बाद अनिष्ट होने, परिवार पर संकट आने की बात कहकर डराना शुरू कर दिया। डर के कारण महिला ने तीन जुलाई को 42,000 रुपये और चार जुलाई को 37,600 रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने दूसरे नंबर से फोन कर महिला के फोटो-वीडियो और निजी संदेशों का हवाला देकर ब्लैकमेल किया। धमकी में आकर महिला ने 23 जुलाई को 41,000 और 24 जुलाई को 42,000 रुपये और भेज दिए। कुल 1.62 लाख लेने के बाद भी आरोपी अलग-अलग नंबरों से और रकम मांगता रहा। जब बैंक खाते में पैसे खत्म हो गए तो महिला ने पति को पूरी बात बताई। परिजन के साथ साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत दी।
   
डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने मीडिया को बताया कि शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है, आरोपी के मोबाइल नंबर व बैंक खाते के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने अपील की कि सोशल मीडिया पर तंत्र-मंत्र से चमत्कार का दावा करने वालों पर भरोसा न करें। डराकर पैसे मांगने पर रकम न दें, फोटो-वीडियो साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत बैंक को सूचित कर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें, या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।
____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments