Agra News: खबरें आगरा की.....
सांसद निधि से शांतिनगर में दो सड़कों का शिलान्यास
आगरा, 19 सितम्बर। राज्यसभा सांसद नवीन जैन की सांसद निधि से छावनी विधानसभा के वार्ड 19 शांति नगर में दो गलियों में सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली है। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुन्नालाल दिवाकर से रामावतार प्रजापति तक और जितेंद्र चक से बलवीर धारीया तक सड़क बनेगी।
शिलान्यास विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और युवा नेता वैभव जैन ने किया। वैभव जैन ने कहा कि जनसेवा ही संकल्प है, जनता की मांग पर सड़क बनने से आवागमन आसान होगा।
विधायक धर्मेश ने सांसद जैन का आभार जताया। इस मौके पर महामंत्री महेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन उपाध्याय, पार्षद अतुल अवस्थी समेत कई लोग मौजूद रहे।
______________________________________
इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ने से संकट में आगरा का जूता उद्योग, नेशनल चैम्बर ने मंत्री पीयूष गोयल को लिखा पत्र
आगरा, 19 सितम्बर। नेशनल चैम्बर सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल की अध्यक्षता में लैदर एंड शू कम्पोनेन्ट प्रकोष्ठ के चेयरमैन चंद्रवीर सिंह फौजदार के साथ बैठक हुई। इसमें जूता उद्योग में कच्चे माल और कम्पोनेन्ट्स की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई गई।
चेयरमैन फौजदार ने कहा कि लागत बढ़ने से आगरा का जूता उद्योग बंदी के कगार पर है। इससे प्रतिस्पर्धा क्षमता घट रही है। आगरा में इस उद्योग से करीब पांच लाख श्रमिक जुड़े हैं, बंदी से बेरोजगारी का संकट खड़ा हो सकता है।
बैठक में मांग की गई कि जूता उत्पादन में प्रयुक्त उत्पादों पर इम्पोर्ट ड्यूटी कम की जाए, ताकि लागत घटे और कीमतें नियंत्रित रहें।
चैम्बर ने इस संबंध में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को पत्र भेजकर ड्यूटी कम करने का अनुरोध किया है। बैठक में अंबा प्रसाद गर्ग, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, शलभ शर्मा, हृदय सिंह बघेल आदि मौजूद रहे।
______________________________________
दयालबाग गणेश चौक पर गणेशोत्सव
आगरा, 19 सितम्बर। दयालबाग गणेश चौक, ऐश्वर्य कॉम्प्लेक्स के सामने 100 फुटा रोड पर द्वितीय गणेशोत्सव का आयोजन भक्तिभाव से चल रहा है। कार्यक्रम संयोजक पार्षद भरत शर्मा ने बताया कि दयालबाग में गणेशजी का यह दूसरा आगमन है। शनिवार को सुन्दर कांड एवं विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। तत्पश्चात कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई, 51 किलो का मोदक बृजेश तिवारी द्वारा अर्पित किया गया। विशाल सक्सेना ने बताया कि 20 सितंबर को भजन संध्या और रक्तदान कार्यक्रम होगा। इस मौके पर जितेंद्र सिंह, विजय मोहन गुप्ता, अनुप अग्रवाल, बीडी शर्मा, अश्वनी शर्मा, विपिन शर्मा, सौरभ रेपुरिया, पार्षद प्रेमदास, अमित दिवाकर, बल्देव बघेल, दिनेश गौतम मौजूद रहे।
______________________________________
आगरा में गूंजी "छात्रों की गूंज", राहुल गांधी के स्क्रीन पर आते ही हुई आतिशबाजी
आगरा, 19 सितम्बर। शनिवार शाम इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम "छात्रों की गूंज" का सीधा प्रसारण यहां होटल श्याम पैलेस में किया गया। आयोजन महिला कांग्रेस व शहर कांग्रेस ने किया।
जैसे ही बड़ी स्क्रीन पर राहुल गांधी मंच पर आए, हॉल में आतिशबाजी हुई और "राहुल गांधी जिंदाबाद" के नारे गूंजे। युवाओं में भारी जोश दिखा। राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि छात्र भारत का भविष्य हैं, सवाल पूछते हैं, नफरत नहीं करते। आज छात्र परेशान हैं, सिस्टम भ्रष्ट है। पेपर लीक मतलब भविष्य लीक। शिक्षा छात्रों का हक है, अपनी आवाज बुलंद करो। उन्होंने "शिक्षा बचाओ-भविष्य बचाओ" का नारा दिया।
राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने कहा कि बदहाल शिक्षा से छात्र हताश हैं, भाजपा सरकार को उखाड़ने का वक्त आ गया है। कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष अमित सिंह, अश्विनी जैन, पारुल शर्मा, ताहिर हुसैन, अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे।
______________________________________
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को बधाई
आगरा, 19 सितम्बर। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026 में अध्यक्ष, सचिव व संयुक्त सचिव पद पर शानदार जीत हासिल करने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। विधायक खंडेलवाल ने कहा कि यह जीत राष्ट्र प्रथम की विचारधारा में देश के युवाओं के दृढ़ विश्वास और उनकी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है। _____________________________________
सेवा संकल्प अभियान के तहत 50 टीबी मरीजों को मिली पोषण पोटली
आगरा, 19 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।
मंडल अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. मंजू सचान ने वितरण किया। उन्होंने कहा कि टीबी सिर्फ बीमारी नहीं, परिवार के लिए चुनौती भी है। उपचार के साथ पोषण और समाज का सहयोग जरूरी है। पोषण पोटली मानवीय संवेदना का प्रतीक है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी जरूरी है। समय पर जांच, नियमित दवा और पौष्टिक आहार महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में मरीजों को नियमित दवा लेने और उपचार न छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments