आगरा में चांदी का मुकुट लौटाकर राजनाथ सिंह बोले- गरीब बेटी के लिए पायल बनवा दो || ट्रैफिक रोकने पर भड़की महिला
आगरा, 13 सितम्बर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को यहां आरबीएस कॉलेज खंदारी में आयोजित मंडल स्तरीय खटीक गर्जना सम्मेलन में सम्मान में मिले चांदी के मुकुट को लौटाकर सामाजिक सरोकार का बड़ा संदेश दिया।
आयोजकों ने उनका चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। राजनाथ सिंह ने मुकुट वापस करते हुए कहा कि वह सब कुछ स्वीकार कर लेते हैं, लेकिन यह मुकुट उनके किसी काम का नहीं है। उन्होंने मंच से कहा कि यदि किसी गरीब मां-बाप की बेटी विदा हो रही हो और उसके पैरों में चांदी की पायल न हो तो इस मुकुट को तुड़वाकर उसकी पायल बनवा दी जाए। उनकी इस अपील ने पूरे पंडाल में तालियां बटोरीं।
अखिल भारतीय खटीक समाज के इस सम्मेलन में करीब 1500 लोग पहुंचे। समाज की राजनीतिक भागीदारी, एकजुटता और आगामी चुनावों में भूमिका पर चर्चा हुई। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश और धर्म की रक्षा में खटीक समाज का गौरवशाली योगदान रहा है, लेकिन इतिहास में उसे वह स्थान नहीं मिला जिसका वह हकदार है। अब इतिहास का पुनर्लेखन होना चाहिए। वैदिक काल से ही यह समाज धर्म कार्यों में आगे रहा है।
उन्होंने कहा कि राजनीति के लिए कई बार समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश होती है। किसी के भड़कावे में नहीं आना है। समाज को बांटने के बजाय एकजुट होना होगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि खटीक की पहचान किसी एक पेशे से नहीं, वीरता और परिश्रम से है। संत कन्नप्पा नयनार की परंपरा भी इसी समाज से जुड़ी है। उन्होंने समाज से शिक्षा पर जोर देने को कहा और बाबा साहब के मंत्र 'शिक्षित बनो, संघर्ष करो, संगठित रहो' को अपनाने का आह्वान किया। कहा कि केंद्र सरकार गरीब बच्चों की शिक्षा, छात्रवृत्ति और रोजगार के लिए काम कर रही है, ताकि आर्थिक अभाव से पढ़ाई न रुके।
कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कारगिल शहीद की वीर नारी को भी सम्मानित किया। इस मौके पर अखिल भारतीय खटीक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, टूंडला के पूर्व विधायक शिव सिंह चक, बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह, भाजपा नेता ओमप्रकाश चलनी समेत कई नेता मौजूद रहे।
रक्षा मंत्री दोपहर 1:30 बजे विशेष विमान से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। जिले के राजनेताओं और वायुसेना व पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
ट्रैफिक रोकने पर भड़की महिला
आरबीएस कॉलेज में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक रोके जाने से पुष्पांजलि मल्टीस्टोरी के निकट एक महिला भड़क गई और जमकर हंगामा करने लगी। बताया गया है कि वीआईपी मूवमेंट के कारण आम जनता को काफी देर तक रोका गया था। इससे नाराज महिला ने पुलिस से सवाल-जवाब करते हुए नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद डीसीपी ट्रैफिक और महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने और संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान महिला राजनाथ सिंह के काफिले के सामने जाने का प्रयास करने लगी। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल उसे रोका और किनारे किया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला पुलिस से बहस करती नजर आ रही है।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments