आगरा में गैस बिल के नाम पर साइबर ठगी, बुजुर्ग के खाते से उड़ाये 2.98 लाख

आगरा, 11 सितंबर। साइबर ठग अब बिजली और केवाईसी के बाद गैस बिल के नाम पर ठगी कर रहे हैं। आगरा में ग्रीन गैस का बकाया बताकर एक बुजुर्ग से 2.98 लाख रुपये ठग लिए गए।
खबरों के अनुसार, दयालबाग निवासी गिरीश शर्मा के पास तीन दिन पहले कॉल आई। कॉलर ने खुद को ग्रीन गैस कर्मचारी बताकर कहा कि बिल जमा नहीं है, कनेक्शन काट दिया जाएगा। सिर्फ 130 रुपये जमा करने को कहा। इसके बाद मोबाइल पर एक लिंक भेजा। शर्मा ने लिंक पर क्लिक किया तो फोन हैंग हो गया। कुछ देर में बैंक से मैसेज आने लगे। खाते से 98-98 हजार की 3 ट्रांजेक्शन में कुल 2.98 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने न्यू आगरा थाने में शिकायत दी है।
   
पुलिस के मुताबिक ठग APK फाइल के जरिए मोबाइल का एक्सेस ले लेते हैं। लिंक इंस्टॉल होते ही बैंकिंग जानकारी लीक हो जाती है।
शहर में ग्रीन गैस के 70 हजार से ज्यादा PNG उपभोक्ता हैं। कंपनी के विपणन प्रबंधक किशन सिंह का कहना है कि उपभोक्ताओं को अलर्ट जारी किया गया है। किसी अनजान लिंक, APK फाइल, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक डिटेल शेयर न करें। बिल की जानकारी अधिकृत ऐप या वेबसाइट पर ही चेक करें।
पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि कनेक्शन कटने का डर दिखाकर कॉल आए तो सावधान रहें।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments