चार कर्मियों के खिलाफ बैंक मैनेजर ने ही लिखाया मुकदमा, लोन के नाम पर 2.32 लाख की हेराफेरी
आगरा, 09 सितम्बर। सिकंदरा थाना क्षेत्र में लोन स्वीकृत कराने के नाम पर ग्राहकों से ऑनलाइन रकम लेकर हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोप इंडसइंड बैंक से जुड़ी कंपनी के चार कर्मचारियों पर है। पांच ग्राहकों से कुल दो लाख, 32 हजार, 418 रुपये की हेराफेरी का मामला है।
विभागीय जांच और फील्ड वेरिफिकेशन में गड़बड़ी सामने आने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। ब्रांच मैनेजर जितेंद्र यादव की तहरीर पर सिकंदरा थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों में विकास कुमार, रवि कुमार, जय प्रकाश धनगर और सुनील कुमार शामिल हैं।
लोन दिलाने के नाम पर लिया पैसा
आरोप है कि कर्मचारियों ने ग्राहकों को लोन दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई। प्रक्रिया के नाम पर पैसा लिया गया, लेकिन बाद में लेनदेन में गड़बड़ी मिली। ग्राहकों के दस्तावेज और बैंक खातों की जांच में अनियमितता सामने आई।
जांच के बाद पुलिस में शिकायत
बैंक स्तर पर जांच में मामला संदिग्ध मिलने पर मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ग्राहकों के बयान, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और खातों की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि पैसा किस आधार पर लिया गया और कहां इस्तेमाल हुआ।
पुलिस का कहना है कि पांच ग्राहकों से जुड़े इस मामले में चारों की भूमिका की जांच हो रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
________________________

Post a Comment
0 Comments