कारोबार, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के द्वार खोलेगा 'मीट एट आगरा', तीन अक्टूबर से शुरू होगा 18वां संस्करण

आगरा, 21 सितम्बर। जूता उद्योग के महाकुंभ 'मीट एट आगरा' के 18वें संस्करण की तैयारियां पूरी हो गई हैं। लैदर, फुटवियर कंपोनेंट्स एवं टेक्नोलॉजी फेयर तीन से पांच अक्टूबर तक सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में होगा। देश-दुनिया के 250 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे।
सोमवार को बाईपास मार्ग स्थित एक होटल में आधिकारिक घोषणा की गई। एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि मेले की थीम 'डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट, ग्रो' है। वर्ष 2007 में कैप्टन ए.एस. राणा ने इसकी शुरुआत की थी। 
इस बार चीन की आठ कंपनियां मशीनरी और तकनीक प्रदर्शित करेंगी। इटली, चीन, ताइवान के व्यापार आयुक्त भी आएंगे। गुप्ता ने कहा कि एफटीए से भारतीय फुटवियर के लिए नए बाजार खुले हैं, उद्यमियों को तकनीकी सहयोग और संयुक्त उपक्रम के अवसर तलाशने चाहिए।
आगरा को फुटवियर कैपिटल का दर्जा और जीआई टैग मिलने से नए अवसर बने हैं। मेले का उद्घाटन 3 अक्टूबर को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह करेंगे। करीब 20 हजार विजिटर्स के आने की उम्मीद है। इस बार आयोजन समिति का विशेष प्रयास है कि घरेलू बाजार से जुड़े फुटवियर निर्माता भी बड़ी संख्या में फेयर में पहुंचें और यहां उपलब्ध तकनीक, सामग्री एवं कारोबारी अवसरों का भरपूर लाभ उठाएं। 
इस दौरान एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन, राजेश सहगल, माला खेड़ा, प्रदीप वासन, अनिरुद्ध तिवारी, ओपिंदर सिंह ‘लवली’, चंद्रमोहन सचदेवा, अम्बा प्रसाद गर्ग, नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा, रोमी लूथरा, दिलीप रैना भी मौजूद रहे।
________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments