आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तड़के हादसा, बलिया से दिल्ली जा रही बस अज्ञात वाहन से टकराई, चालक समेत 13 घायल
आगरा, 03 सितम्बर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज गुरुवार की तड़के करीब 4:30 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। फतेहाबाद क्षेत्र में किलोमीटर 34 के पास बलिया से दिल्ली जा रही शिवगंगा ट्रैवल्स की डबल डेकर बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में बैठे चालक समेत 13 यात्री बुरी तरह घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो बलिया, मऊ, आजमगढ़ और अंबेडकर नगर से दिल्ली जा रहे थे। तड़के का समय होने के कारण अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। यात्रियों ने बताया कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज आई और बस जोर से हिल गई। आंख खुली तो देखा कि बस दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है और आगे बैठे यात्री लहूलुहान पड़े हैं। बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन मौके से निकल गया।
हादसे में चालक रविन्द्र पुत्र राजेश निवासी कानपुर देहात समेत 13 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सुजीत सिंह निवासी बलिया, जितेंद्र निवासी रसूलपुर थाना घोसी मऊ, धनराज निवासी विगरापुर दिवारी थाना मधुबन मऊ, सुरेंद्र कुमार, अर्जुन और कृष्ण कुमार निवासी अंबेडकर नगर, प्रवेश निवासी आजमगढ़, सरिता विश्वकर्मा और दिहांत विश्वकर्मा निवासी जयसिंहपुर मऊ, सूरज निवासी फरीदपुर मऊ, बबलू निवासी अंबेडकर नगर तथा सतेंद्र गुप्ता निवासी बलिया शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments