हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों के घर पहुंची पुलिस, मथुरा जाने से रोकने की कवायद

आगरा, 03 सितम्बर। हिन्दू महासभा के प्रमुख पदाधिकारियों के घरों पर विगत रात्रि पुलिस पहुंच गई और उनकी निगरानी शुरू कर दी। महासभा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित मथुरा दौरे के दौरान उनसे मिलकर विरोध दर्ज कराने का ऐलान किया था। मुख्यमंत्री तीन और चार सितम्बर को दो दिन मथुरा प्रवास पर रहेंगे।
हिन्दू महासभा राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान के मामले में सिकंदरा थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किये जाने से नाराज है। महासभा ने मुख्यमंत्री से मिलकर इसकी शिकायत करने की घोषणा की थी। महासभा का कहना है कि विगत 13 अगस्त को सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज और भगवा ध्वज कूड़े के ढेर में पड़े मिले थे। इसकी शिकायत हिन्दू महासभा ने थाना सिकंदरा पुलिस से की थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया।
जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने के ऐलान के बाद पुलिस ने हिन्दू महासभा की निशा ठाकुर के घर पहुंचकर उन्हें कहीं भी जाने से रोक दिया। इसी तरह जिलाध्यक्ष मीरा राठौर, मनीष पंडित, अवतार सिंह गिल के घर पर भी पुलिस पहुंच गई। हालांकि वे घर पर नहीं मिले। मीरा राठौर ने बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रीय ध्वज और भगवा के सम्मान में आंदोलन जारी रहेगा।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments