सपा ने किया एसएन के प्राचार्य का घेराव, ज्ञापन, पुलिस से नोकझोंक, बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदारों को बचाने का आरोप

आगरा, 22 अगस्त। एस.एन. मेडिकल कॉलेज में मासूम बच्चे की मौत के पीछे छत का प्लास्टर गिरने से घायल होने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी ने शनिवार को कॉलेज प्राचार्य का घेराव कर प्रदर्शन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई।
प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि अस्पताल प्रशासन और रखरखाव व्यवस्था की घोर लापरवाही का नतीजा है। इलाज कराने आया एक मासूम अपनी जान गंवा बैठा, लेकिन जिम्मेदार लोग बचाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1854 में स्थापित एस.एन. मेडिकल कॉलेज आगरा मंडल के लगभग दो करोड़ लोगों का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। यहां प्रतिदिन 4 से 5 हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं और करीब 1,500 से अधिक बेड हैं। इसके बावजूद कई वार्डों की छतें जर्जर हैं, प्लास्टर झड़ रहा है, साफ-सफाई की बदहाल स्थिति है, कई जगह बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी ठीक नहीं हैं। मरीजों को दवाएं और जांच तक बाहर से कराने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
पार्टी ने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार संबंधित अभियंताओं, निर्माण एजेंसी तथा रखरखाव के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। मासूम बच्चे की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। मृतक बच्चे के परिवार को ₹50 लाख का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। एस.एन. मेडिकल कॉलेज की सभी जर्जर इमारतों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कर मरम्मत कराई जाए। मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक खतरनाक वार्डों को बंद किया जाए।
शब्बीर अब्बास ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और एस.एन. मेडिकल कॉलेज की बदहाली दूर नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।
प्रदर्शन में नरेन्द्र सिंह धाकड़, पुष्पेंद्र शर्मा, मनोज गुप्ता, प्रमोद यादव, राहुल चौधरी, नरेंद्र सिंह नंद, जिया चौधरी, चौधरी फरहान, जमील खान, नितिन वर्मा, सोमेश गुप्ता, गिरीश गोयल, इरफान उस्मानी, रहीस खान, रोहित नासिर, ओम पंडित, जमील सिद्दीकी, राजीव सविता, हरेश प्रजापति, पठान कुरैशी, विजय प्रताप सिंह, समीर अहमद नेता, मयंक यादव इमरान कुरैशी, सलमान कुरैशी, राहुल यादव, पंकज यादव, नासिर अब्बास एडवोकेट, आमिर मिर्जा, मोहम्मद खुयेव, शेरा धाकड़, मुहिम खान, रूबी जादौन, प्रमोद चौधरी, आशु सिद्दीकी, यामीन मंसूरी,  शाकिर अली, कामरान कुरैशी, जाहिद अब्बासी उपस्थित रहे।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments