Agra News: खबरें आगरा की...

डीईआई में मात्रात्मक डेटा विश्लेषण पर कार्यशाला 
आगरा, 22 अगस्त। मात्रात्मक डेटा विश्लेषण पर दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ विगत दिवस दयालबाग शिक्षण संस्थान में हुआ। कार्यशाला में लगभग 119 शिक्षक एवं शोधकर्ता प्रतिभागिता कर रहे हैं। 
एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज-दयालबाग शिक्षण संस्थान- एकेडमिक एंड एडमिनिस्ट्रेटिव डेवलपमेंट सेंटर (एआईयू-डीईआई-एएडीसी) के तत्वावधान में शुरू हुई कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को समकालीन मात्रात्मक शोध पद्धतियों की व्यापक समझ प्रदान करने के साथ-साथ उनके विश्लेषणात्मक एवं शोध कौशल को सुदृढ़ करना है। कार्यशाला के विभिन्न तकनीकी सत्रों में विभिन्न आधुनिक मात्रात्मक तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्घाटन प्रो. सी. पटवर्धन, निदेशक, डीईआई ने किया। संयोजक डॉ. पूर्णिमा भटनागर ने कार्यशाला का परिचय दिया। मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. पमी दुआ, पूर्व निदेशक, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स तथा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की अंशकालिक सदस्य ने “मात्रात्मक डेटा विश्लेषण और अर्थमिति: अल्केमी या विज्ञान?” विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। अध्यक्षता प्रो. रूपाली सत्संगी ने की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रेशम चोपड़ा ने किया।
_________________________________________
'चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग' में 21 स्कूल-कॉलेजों ने सहभागिता की
आगरा, 22 अगस्त। संस्कार भारती महानगर द्वारा फतेहचंद इंटर कॉलेज में चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इसमें 21 स्कूल कॉलेज की 147 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा अपने मन की कल्पनाओं को विभिन्न रंगों के माध्यम से कान्हा और उनसे जुड़े प्रतीक चिह्नों को चित्रित करने का कार्य बहुत ही सजीव है और कल्पनाशीलता की विशालता को प्रगट करता है.
फतेहचंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री योगेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा कि बालपन की सृजनशीलता को बाहर लाने का बहुत बड़ा माध्यम है चित्रकला और उसको भी जब कान्हा जी जैसे प्रतीक का साथ मिल जाए, तो सृजनशीलता नए रंग में सामने आती है.
कार्यक्रम की संयोजक चित्रकार डॉ मीतू सिंह और डॉ चेतना परिहार थीं।
चित्रकार ममता कुकरेजा ने बच्चों ने चित्रकला के रंग कान्हा जी के संग कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली, पेपर प्लेट, कैनवस, कागज, हार्डबोर्ड और लकड़ी निर्मित प्लेट, मिट्टी के गमले आदि को माध्यम बनाकर कलात्मक अभिव्यक्ति को व्यक्त किया और श्री कृष्ण के विभिन्न चित्र और उनसे जुड़े मोरपंखी, बांसुरी, मटकी के विभिन्न चित्र प्रदर्शित किए गए।
_________________________________________
सावन माह में आईटी सेल ने किया भंडारा
आगरा, 22 अगस्त। सावन माह में संजय प्लेस स्थित आईटी सेल की ओर से भगवान भोलेनाथ के भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
भंडारे में आईटी सेल से जुड़े लोगों के साथ-साथ डीलरशिप से जुड़े लोगों ने भी सहयोग किया। इस अवसर पर संदीप तिवारी, प्रणीत सिंह, पवन पांडे, चतुर्भुज तिवारी, तजश्न सिंह, नीनेश कुमार, अमित शर्मा और अन्य लोग मौजूद रहे।
_________________________________________
कवि सम्मेलन के साथ हुआ वरिष्ठजन सम्मान
आगरा, 22 अगस्त। पश्चिमपुरी स्थित श्री हरिकृष्ण वरिष्ठजन सम्मान भवन में शुक्रवार को ब्रजभाषा काव्य मंच एवं वृद्धजन सम्मान समिति के संयुक्त तत्त्वावधान में वरिष्ठजन सम्मान समारोह, परिचर्चा एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। 
सह-संस्थापक डॉ. गिरीश सी. गुप्ता ने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवारों में यह प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। विवाह के बाद कई बच्चे अपनी पत्नी और बच्चों को ही अपना संसार मानकर माता-पिता को बोझ समझने लगते हैं। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को माता-पिता की सेवा और सम्मान के संस्कार देने के लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वी.डी. अग्रवाल ने की मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल थे। प्रो. उमापति दीक्षित, डॉ. कमलेश नागर एवं रामेंद्र शर्मा रवि सहित वक्ताओं ने वरिष्ठजनों को परिवार की धरोहर बताते हुए उनके सम्मान और देखभाल पर जोर दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। तत्पश्चात कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न स्थानों से आए कवियों ने काव्य पाठ किया। कवि पदम गौतम की पंक्तियां वृद्धाश्रम में मात-पिता को छोड़ के जाने वाले सुन, तेरे भी बच्चों के द्वारा तुझको छोड़ा जाएगा। संचालन डॉ. रामेंद्र शर्मा रवि ने किया। 
_________________________________________
डीएम ने निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का किया निरीक्षण
आगरा, 22 अगस्त। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शनिवार को इनर रिंग रोड स्थित उत्तर प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पर्यावरण के अनुकूल आधुनिक औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और जनपद के आर्थिक विकास को गति देने व इंडस्ट्रियल हब के लिए इनर रिंग रोड पर इंटीग्रेटेड मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर प्रस्तावित है। 
निरीक्षण में पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता ने बताया कि 1084 एकड़ में बन रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के विकास कार्यों और बुनियादी ढांचा निर्माण कार्य यथा सर्विस लेन का फोरलेन चौड़ीकरण और एप्रोच मार्गों के निर्माण ,सौंदर्यीकरण के लिए शासन द्वारा लगभग 96 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है उक्त धनराशि से प्रस्तावित कार्यों को कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने प्रस्तावित इंडस्ट्रियल एरिया का ले-आउट प्लान देखा तथा संबंधित से प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
_________________________________________







ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments