कमरे में रखी थी बंदूक, ट्यूशन पढ़ने पहुंचे बच्चों ने कौतूहलवश छुआ तो चल गई गोली! एक छात्र घायल
आगरा, 08 अगस्त। थाना बसई अरेला क्षेत्र में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन मकान में रखी बंदूक को कौतूहलवश देखने के दौरान अचानक गोली चल गई। फलस्वरूप कक्षा 12 के छात्र मोहित पुत्र विनोद प्रजापति की बाईं जांघ में छर्रे लग गए।
घायल छात्र को परिजनों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच गई। एसीपी पिनाहट ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना लिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शाम करीब 5:22 बजे ग्राम बसई अरेला निवासी सुधा ने गोली चलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि ओम शर्मा के निर्माणाधीन मकान में उनका बेटा आकाश कक्षा 12 के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है। गांव में नीलगाय और जंगली सुअर से फसल की रखवाली के लिए कुछ शिकारी बुलाए गए थे। उनकी बंदूक इसी निर्माणाधीन मकान के अंदर रखी हुई थी।
ट्यूशन पढ़ने आए बच्चों की नजर बंदूक पर पड़ी तो वे कौतूहलवश उसे देखने लगे। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और बंदूक से निकले छर्रे मोहित की बाईं जांघ में जा लगे। घटना के बाद परिजन घायल मोहित को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थना पत्र मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
.gif)
Post a Comment
0 Comments