दस हजार उधारी, साठ हजार चुकाये, फिर भी धमकी और मारपीट से दुःखी होकर जूता कारीगर ने दे दी जान

आगरा, 10 अगस्त। ब्याजखोरों से परेशान एक जूता कारीगर ने गले में फंदा लगाकर जान दे दी। यह मामला थाना मलपुरा क्षेत्र के अंतर्गत नगला रेवती का बताया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर तहकीकात शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक संजीव नगला रेवती में अपनी पत्नी रीना और चार बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था, वह जूते की फैक्ट्री में काम करता था। रीना ने मोहल्ले के कुछ लोगों से दस हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। अब तक साठ हजार रुपये देने के बाद भी आरोपी पचास प्रतिशत ब्याज जोड़कर 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि ब्याज पर उधार देने वाले लोग धमकी देते थे कि पूरे पैसे वापस नहीं किए तो बेटी को उठा कर ले जाएंगे। धमकी से परेशान होकर संजीव की पत्नी रीना करीब नौ दिन पहले घर से कहीं चली गई। संजीव ने पत्नी का तलाशने का काफी प्रयास किया। लेकिन, सुराग नहीं लगा। इससे वह काफी परेशान था।
आरोप है कि आरोपी एक महिला छोटी बेटी को उठाकर ले गई। जाते-जाते वो धमकी भी दे गई। उस समय पुलिस को भी सूचना दी गई थी। मृतक की बेटी शिवानी ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन आरोपी पक्ष के चार-पांच लोग घर आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिता के साथ मारपीट की गई। परेशान होकर पिता ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठा लिया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने मीडिया को बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
__________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments