बीकानेर वाला पर 25 हजार रुपये जुर्माना, नगर निगम ने चार स्थानों पर जलते पकड़ीं कोयले की भट्टियां, तीन अन्य पर भी अर्थदण्ड
आगरा, 10 अगस्त। ताज ट्रिपेजियम जोन में प्रतिबंधित ईंधन का इस्तेमाल करने वाले रेस्टोरेंट के खिलाफ सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान चार रेस्टोरेंट में कोयले की भट्ठियां जलती मिलीं। टीम ने भट्ठियां बंद कराते हुए संचालकों पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया। सर्वाधिक पच्चीस हजार रुपये के जुर्माना बीकानेर वाला पर लगाया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगम की टीम ने फतेहाबाद रोड स्थित बीकानेर वाला रेस्टोरेंट में कोयले की भट्ठी जलते हुए पाई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संचालक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। टीम ने मौके पर ही अर्थदंड की राशि वसूल कर भट्ठी को बंद करा दिया। इसी रोड पर जिमबोरा क्लब और पिरामिड रेस्टोरेंट में भी कोयले की भट्ठियां चलती मिलीं। दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही जुर्माने की राशि वसूल की और भविष्य में प्रतिबंधित ईंधन का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।
इसके अलावा नगर निगम की टीम ने सेक्टर-1, आवास विकास स्थित ग्रामीण स्वाद रेस्टोरेंट में भी कोयले की भट्ठी पकड़ी। यहां मैदान में भट्ठियां लगाकर कोयले का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भट्ठियों को बंद कराया और उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया। संचालक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों ने साफ संकेत दिया कि अभियान केवल चार प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। निगम की टीम आने वाले दिनों में भी अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण करेगी।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम का कहना है कि शहर में संचालित रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों में कोयले की भट्ठियों और तंदूरों की जांच का अभियान शुरू किया गया है। टीटीजेड के नियमों का उल्लंघन कर कोयला या कोक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments