सोशल मीडिया पर एडिटेड फोटो वायरल कर युवती की सगाई तुड़वाई, कॉलेज के परिचित और उसकी सहेली पर मुकदमा
आगरा, 28 अगस्त। सोशल मीडिया पर एडिटेड फोटो वायरल कर एक युवती की सगाई तुड़वाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने कॉलेज के परिचित युवक और उसकी सहेली पर अश्लील फोटो एडिट कर वायरल करने का आरोप लगाया है। फोटो उसकी होने वाली ससुराल तक पहुंचने के बाद उसकी मंगनी टूट गई। पीड़िता की शिकायत पर रकाबगंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की कुछ महीने पहले उसकी सगाई तय हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसकी एक सामान्य फोटो को एडिट कर एक पुरुष की फोटो के साथ जोड़ दिया गया। इसके बाद उस आपत्तिजनक फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने यह एडिटेड फोटो जानबूझकर उस जगह और उन लोगों तक भी पहुंचाई, जहां युवती का रिश्ता तय हुआ था। जब यह फोटो ससुराल पक्ष तक पहुंची तो उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़िता का कहना है कि इस एक फोटो ने उसकी पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी और समाज में उसकी छवि खराब हुई। पीड़िता ने जिन दो लोगों पर आरोप लगाया है, उनमें कॉलेज का परिचित एक युवक और उसकी सहेली बताए गए हैं। युवती का आरोप है कि युवक काफी समय से उसे परेशान कर रहा था।
युवती का कहना है कि युवक खुद शादीशुदा है, उसकी करीब दो साल पहले ही शादी हो चुकी है, इसके बावजूद वह उसे लगातार परेशान करता था और धमकी देता था कि वह उसकी शादी नहीं होने देगा। इसी धमकी को पूरा करने के लिए उसने अपनी सहेली के साथ मिलकर उसकी फोटो एडिट कर वायरल कर दी।
पीड़िता ने मामले की शिकायत रकाबगंज थाने में की। पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। रकाबगंज पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि फोटो को किस सॉफ्टवेयर से एडिट किया गया और किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उसे वायरल किया गया। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
_______________________________________
Post a Comment
0 Comments