रक्षाबंधन पर दो सड़क हादसे, 26 लोग घायल
आगरा, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के त्योहार पर आगरा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 26 लोग घायल हो गए।
ग्वालियर हाईवे पर थाना सैंया कट के पास दोपहर तीन बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दस माह के मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान पवन, पत्नी सुनीता, उनका 10 माह का बच्चा और रोहित निवासी दनकसा के रूप में हुई।
सुनीता ने पुलिस को बताया कि वह पति और बच्चे के साथ भाई को राखी बांधने मायके जा रही थी, तभी हादसा हो गया। सभी घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
इससे पहले देर रात करीब दो बजे अछनेरा के दक्षिणी बाइपास पर मंगूरा कट पर मिट्टी से भरे डंपर को बचाने के चक्कर में पिकअप चालक ने अचानक ब्रेक लगाए और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए पिकअप में सवार सभी 22 लोग हिसार, हरियाणा से मजदूरी कर अपने गांव जटारा, टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे।
सूचना पर अछनेरा पुलिस और टोल कर्मचारियों ने घायलों को सीएचसी अछनेरा पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।
घायलों के नाम लक्ष्मण (33), लक्ष्मी (28), आर्यन (7), दिनेश (35), राजू (40), रानी (30), प्रवाह (28), प्रिंस (12), सुनीता (32), कलावती (28) समेत अन्य बताए गए हैं। हादसे के बाद हायवे पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया टक्कर मारकर ट्रक और मिट्टी भरे डंपर समेत चालक मौका देख भाग गये।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments