लगातार बारिश से फिर धंसी एमजी रोड, अधिकारी गम्भीर नहीं!

आगरा, 08 अगस्त। बरसात के मौसम में सड़कों का धंसना और पुराने जर्जर भवनों का गिरना जारी है। शहर की जीवन रेखा कही जाने वाली एमजी रोड एक स्थान पर फिर धंस गई है। इसकी सूचना नगर निगम और मेट्रो ट्रेन परियोजना के अधिकारियों को दिए जाने के बाद भी अभी सड़क में हुए गड्ढे को भरने का काम शुरू नहीं हुआ है। 
बता दें कि इससे पहले भी एमजी रोड पर हरिपर्वत चौराहे के पास बड़ा गड्ढा हो चुका है। कमलानगर के कर्मयोगी में और आलमगंज व खिड़की काले खां में भी सड़क धंस चुकी है। लगातार बारिश से बेलनगंज में एक तीन मंजिला पुराना और जर्जर मकान धराशायी हो गया।
एमजी रोड पर सड़क धंसने का ताजा मामला आगरा कॉलेज फील्ड के सामने डॉ अंकित वार्ष्णेय के क्लीनिक के बाहर हुआ है। यहां सड़क पर बना गड्ढा समय के साथ बढ़ता जा रहा है। डॉ अंकित वार्ष्णेय के पिता नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप वार्ष्णेय ने इस बारे में नगर निगम और मेट्रो ट्रेन परियोजना के अधिकारियों को सूचित किया लेकिन अभी तक इस गड्ढे को भरना शुरू नहीं किया गया है। उनका कहना है कि एमजी रोड से दिनभर ट्रैफिक गुजरता है, इस गड्ढे से कभी भी कोई हादसा हो सकता है। 
उधर बेलनगंज में जर्जर मकान के ढहने के समय गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा होने से टल गया। मकान काफी समय से बंद पड़ा था। पिछले कई दिनों से मकान का कोई न कोई हिस्सा टूटकर गिर रहा था। लोगों का कहना है कि शहर में कई ऐसी इमारतें हैं, जो बाहर से ही बेहद जर्जर नजर आती हैं। इसके बावजूद इन भवनों को लेकर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments