मण्डलायुक्त ने दिए निर्देश- सिकन्दरा औद्योगिक क्षेत्र के नालों की पुनः सफाई कराई जाए

आगरा, 04 अगस्त। लघु सभागार में मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में मंगलवार को मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक हुई। बैठक में निर्देश दिए गए कि सिकन्दरा औद्योगिक क्षेत्र में बने नालों की पुनः समुचित सफाई कराई जाए।
बैठक में उद्यमियों ने बताया कि नालों की सफाई करायी गयी थी, लेकिन कुछ जगहों पर मलबा बाहर रखा गया। बारिश होने के कारण वह मलबा फिर से नालों में भर गया। सिकंदरा में ही पूर्व निर्मित स्टोर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम में जल निकासी की समस्या के संबंध में अवगत कराया गया कि स्थल पर आरसीसी नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वर्षाकाल में जल भराव से आने वाली समस्याओं के निस्तारण हेतु ड्रेनेज की साफ-सफाई की गयी है एवं नाला निर्माण के दृष्टिगत पानी के डायवर्जन हेतु पम्प की व्यवस्था की गयी है।
बैठक में कहा गया कि फाउण्ड्री नगर, औद्योगिक क्षेत्र में पार्क सौन्दर्यीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्य आगणन तैयार कर स्वीकृति हेतु शासन में प्रेषित किया गया है। औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में जल निकासी की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि भूमिगत ह्यूम पाइप डालने हेतु कार्य योजना स्वीकृति हेतु मुख्यालय भेजी गयी है। 
यूपीसीडा विभाग द्वारा टैक्स चार्ज ज्यादा लिए जाने के प्रकरण पर अवगत कराया गया कि इस संबंध में सिकन्दरा फैक्ट्री ऑनर्स एसोसिएशन से प्रस्ताव प्राप्त कर यूपीसीडा कानपुर को प्रेषित किया गया है। 
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना को लेकर मंडल के चारों जिलों की समीक्षा गई। कई अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई।
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments