साइबर फ्रॉड से बचाव एवं ऑनलाइन लेन-देन में सावधानियों पर किया जागरूक, आरबीआई ओम्बड्समैन योजना की विशेषताएं बताई गईं

आगरा, 21 अगस्त। आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय, भारतीय रिज़र्व बैंक, कानपुर के तत्वावधान में आरबी-आईओएस 2026 की जागरूकता कार्यक्रम फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एवं आरबीआई ओम्बड्समैन, भारतीय रिज़र्व बैंक, कानपुर द्वारा की गई। 
कार्यक्रम के दौरान, आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय, कानपुर के अधिकारियों ने रिज़र्व बैंक -एकीकृत ओम्बड्समैन योजना, 2026 की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला। प्रस्तुतीकरण के दौरान विभिन्न विनियमित संस्थाओं में कवरेज का दायरा, सेवा में उन कमियों के प्रकार जिनका इस योजना के तहत निवारण किया जा सकता है, CMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया इत्यादि की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में लगभग तीन सौ प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें वरिष्ठ नागरिक, RSETI प्रशिक्षु, ग्रामीण युवा और आम नागरिक शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के प्रभारी विमल कुमार द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से साइबर फ्रॉड एवं अन्य साइबर अपराधों से संबंधित मामलों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
आरबी-आईओएस 2026 से संबंधित पैम्फलेट और उपभोक्ता जागरूकता सामग्री भी प्रतिभागियों को वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान एक जागरूकता प्रश्नोतरी का भी आयोजन किया गया जिसमे विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस मौके पर बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी, साइबर पुलिस के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं आरबीआई ओम्बड्समैन कार्यालय, कानपुर के अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।
_________________________________________




ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments