एक ही फंदे पर लटके मिले युवती और विवाहित युवक के शव!

आगरा, 31 अगस्त। थाना एत्मादपुर थाना क्षेत्र के गांव रहनकलां में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव घर के अंदर एक ही फंदे पर लटके मिले।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय प्रीतम के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह पहले से विवाहित था और रैपिडो में काम करता था। वहीं मृतका की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है और उसकी शादी भी तय होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया है कि रक्षाबंधन पर युवती के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदारी अथवा अपने गांव गए हुए थे। घर पर युवती मौजूद थी। इसी दौरान प्रीतम उसके घर पहुंचा था। 
आज सोमवार की सुबह घर में दोनों के शव फंदे से लटके देखकर परिजनों के होश उड़ गए। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही गांव और एक ही जाति के रहने वाले थे। हालांकि, दोनों ने यह कदम आखिर किन परिस्थितियों में उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या दोनों के रिश्ते को लेकर किसी प्रकार का पारिवारिक दबाव था या फिर आत्महत्या के पीछे कोई अन्य कारण मौजूद है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस कमरे और घटनास्थल से मिलने वाले अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है।
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने मीडिया से कहा कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच अहम साबित होगी। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments