Agra News: खबरें आगरा की.....

राजनीतिक पार्टी और ब्राह्मण आयोग बनाया जाए - भावना वरदान शर्मा 
आगरा, 31 अगस्त। महादेवी सेवा सदन, श्याम नगर, रामबाग पर ब्राह्मण समन्वय संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्राह्मण संगठनों ने भाग लिया। 
शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चिंतन संवाद और संकल्प था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भावना वरदान शर्मा ने कहा कि न तो ब्राह्मणों की इस देश में कोई अपनी पार्टी है और न ही ब्राह्मण के लिए कोई संवैधानिक आयोग है।ब्राह्मण राजनीतिक और संवैधानिक दोनों रूप से पिछड़ा है। समय की मांग है कि ब्राह्मण समाज अपनी एक राजनीतिक पार्टी बनाए और ब्राह्मण आयोग बनाने की मांग करें। देश में सर्वाधिक भेदभाव ब्राह्मणों के साथ हो रहा है, सर्वाधिक गलियां ब्राह्मण खा रहा है, तो ब्राह्मणों को सबसे अधिक आरक्षण की आवश्यकता है। 
संयोजक सुरेश शर्मा ने कहा यह कार्यकम किसी एक व्यक्ति का नहीं, पूरे समाज का है। अन्य वक्ताओं में महेश शर्मा, राजेंद्र शास्त्री, सोनम शर्मा, राजकुमार शर्मा शामिल थे। संचालन अजय शर्मा ने किया। मधु शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, आर पी शर्मा, राजबहादुर शर्मा, रामवीर शर्मा आदि उपस्थित रहे ।
__________________________________________
‘मन की बात’ जन-जन से जुड़ता संवाद, राष्ट्र निर्माण का संकल्प: नवीन जैन
आगरा, 31 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को रविवार को आगरा के बूथ संख्या 414 के संयोजक मुकेश शर्मा के कमलानगर स्थित आवास पर सांसद नवीन जैन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के बीच पहुंचाने का संकल्प लिया।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ देश के जन-जन से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। यह कार्यक्रम केवल प्रधानमंत्री के विचारों को जनता तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में समाज और राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे लोगों की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाकर अन्य लोगों को भी सेवा और जनभागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
सांसद ने कहा कि आज के संबोधन में प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखना केवल किसी एक परिवार या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज को मिलकर इसके खिलाफ जागरूकता का वातावरण तैयार करना होगा। 
इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष मुकेश वर्मा, वंश अग्रवाल, आशीष कुमार, राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
__________________________________________
लोक संस्कृति को जीवंत रखने का एकमात्र उपाय लोकगीत
आगरा, 31 अगस्त। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था देवनागरी के तत्वावधान में "हृदयंगम्~१०४" के रसानंद में कंठोष्ठ्य लोकगीतोत्सव का आयोजन किया गया।सभापति प्रो.उमापति दीक्षित ने कहा कि विलुप्त हो रही लोक संस्कृति को जीवंत रखने का एक मात्र उपाय लोकगीत हैं, जिन्हें आज के साहित्यकारों को पुन: लोकगीतों के लेखन में जुटना होगा।
संरक्षक कवि डॉ.यशोयश ने कहा कि लोकगीत पुरातन काल से ही लोकगीत देश की माटी को महकाते रहे हैं। 
कार्यक्रम को डॉ.रेखा कक्कड़, डॉ.राजेन्द्र मिलन, धीरज शर्मा, डॉ.ब्रज बिहारी लाल बिरजू, निशिराज, अंकुर अनजान ने भी संबोधित किया। संचालन पदमावती ने किया।
__________________________________________
“रोटी दो अभियान” के तहत 101 परिवारों ने की गौ सेवा
आगरा, 31 अगस्त। खुले पंख परिवार द्वारा “रोटी दो अभियान” के अंतर्गत अग्रवन गौशाला में विशेष गौ सेवा का आयोजन किया गया। करीब 101 परिवारों ने अपने घरों में अपने हाथों से रोटियां बनाकर गौ माता के लिए समर्पित कीं।
खुले पंख परिवार के सदस्यों ने कहा कि गौ सेवा केवल दान करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार और संवेदना को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है। बच्चों को गौ माता की सेवा से जोड़ना उन्हें जीवों के प्रति प्रेम, दया और जिम्मेदारी का भाव सिखाता है।
खुले पंख परिवार ने आमजन से अपील की कि अपने घर की बनी कुछ रोटियां गौ सेवा के लिए निकालें, परिवार और बच्चों के साथ सेवा करें तथा इस छोटे से प्रयास को एक बड़े सामाजिक संस्कार का रूप दें।
__________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments