"मीडिया को तीन बार बताया- सूरज पूरब से ही उगता है"-- नेशनल चैंबर के स्थापना दिवस पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कटाक्ष || पूर्व अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

आगरा, 05 अगस्त। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बुधवार को यहां मीडिया पर प्रहार करते हुए कहा कि देश में चुनाव संबंधी सुधार केवल संविधान के निर्देशों के अनुसार ही किए जाते हैं, वे तीन बार मीडिया कर्मियों के साथ बैठक कर इस बारे में जानकारी दे चुके हैं, लेकिन फिर भी कुछ दिन की शांति के बाद न जाने क्यों फिर आवाजें उठनी शुरू हो जाती हैं।
ज्ञानेश कुमार यहां वाटरवर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन में नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स यूपी के 78वें स्थापना दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तीन बार मीडिया कर्मियों के साथ बैठक कर बताया कि सूरज पूरब से ही उगता है (अर्थात चुनाव आयोग संविधान के अनुरूप ही काम करता है) लेकिन कुछ समय बाद फिर नई आवाजें उठने लगीं तो वे (ज्ञानेश कुमार) चुप होकर रह गए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची प्रकाशित होने से पूर्व उसका परीक्षण राजनीतिक दलों की सहभागिता से किया जाता है। मतदान से पहले प्रत्येक मतदान केंद्र पर मॉक पोल कराया जाता है तथा प्रत्याशियों द्वारा नियुक्त पोलिंग एजेंट पूरी प्रक्रिया के साक्षी होते हैं। इसी प्रकार मतगणना भी प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंटों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न होती है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग के अधीन लगभग 1.80 करोड़ अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया में कार्य करते हैं, जिससे यह विश्व की सबसे बड़ी चुनाव प्रबंधन व्यवस्था बनती है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के प्रभावी संचालन एवं समन्वय के लिए आयोग ने ईसीआई नेट प्लेटफॉर्म विकसित किया है, जिसमें चुनाव संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और भारत निर्वाचन आयोग विश्व की सबसे बड़ी चुनाव प्रबंधन संस्था है। उन्होंने कहा कि लगभग 95 करोड़ मतदाताओं वाले देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव कराना विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दायित्व है।
शहर से जुड़ाव को किया याद
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शहर से अपने जुड़ाव की चर्चा करते हुए कहा कि मेरा घर, ससुराल, और अन्य रिश्तेदारियां यहीं पर हैं इसलिए आगरा से विशेष लगाव है और यहां आना-जाना लगा रहता है। समारोह के ज्ञानेश कुमार की पत्नी अनुराधा भी मंचासीन थीं। उनके माता, पिता, सास व अन्य रिश्तेदार भी समारोह में मौजूद रहे।
उद्यमियों के शहर के प्रति योगदान को सराहा 
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आगरा के उद्योगपति, उद्यमी एवं सामाजिक संगठन शहर को आर्थिक केंद्र बनाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता से आगरा के समग्र विकास को नई गति मिल रही है।
भुवेश अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
समारोह में नेशनल चैंबर की ओर से अपने पूर्व अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने उन्हें सम्मान स्वरूप ट्रॉफी भेंट की और शॉल ओढ़ाया। इस दौरान दोनों ने आईआईटी कानपुर में बिताए दिनों की यादें ताजा की। भुवेश अग्रवाल और ज्ञानेश कुमार दोनों ने ही वहां से शिक्षा ग्रहण की थी। भुवेश दो साल सीनियर थे। इसी क्रम में बीपी ऑयल मिल्स के प्रतिनिधि भरत भगत को संस्थापक सदस्य के रूप में सम्मानित किया गया। चैंबर की पत्रिका नाचिक का विमोचन भी किया गया।
ये रहे मौजूद 
समारोह में नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, उपाध्यक्ष द्वय अम्बा प्रसाद गर्ग और नितेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, स्थापना दिवस चेयरमैन अनिल वर्मा, को-चेयरमैन केशव दत्त गुप्ता  संयोजक मनीष अग्रवाल भी मंचासीन रहे। सीताराम अग्रवाल, एसएस गोयल, योगेन्द्र सिंघल, अमर मित्तल, अतुल गुप्ता, शिव कुमार अग्रवाल, नरेन्दर सिंह, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा, संजय गोयल, विवेक जैन, संजय अग्रवाल के अलावा रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार, अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर सहित अनेक लोग मौजूद थे।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments