चाय बनाते समय गैस सिलेंडर फटा, जोरदार धमाके से दीवारें, दरवाजे क्षतिग्रस्त
आगरा, 19 अगस्त। थाना एकता क्षेत्र के खेड़ा पचगाई गांव में बुधवार की सुबह गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की दीवारें गिर पड़ीं और दरवाजे दूर जा गिरे। धमाके की आवाज सुन आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
खबरों के अनुसार, पचगाई गांव निवासी उदयभान पुत्र राधेश्याम के मकान में सुबह चाय बनाने के लिए गैस पर सिलेंडर रखा हुआ था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। घर के भीतर मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments