विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगरा में की मैराथन बैठक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण पर मंथन

आगरा, 01 अगस्त। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार शनिवार को यहां विजय नगर कॉलोनी स्थित पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता सुरेन्द्र गुप्ता एडवोकेट के निवास पर पहुंचे। उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विचाराधीन श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता भक्तिवर्धन तथा वरुण माहेश्वरी भी उपस्थित रहे।
करीब छह घंटे तक चली मैराथन चर्चा के दौरान सुरेन्द्र गुप्ता एडवोकेट ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित उच्च न्यायालय में लंबित वाद के विभिन्न कानूनी और तथ्यात्मक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में मुकदमे की वर्तमान स्थिति, आगे की रणनीति तथा न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के संभावित उपायों पर भी विचार किया गया।
बैठक के दौरान आलोक कुमार ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुकदमे के शीघ्र निस्तारण के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी राय में काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े मामले से पहले भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण का निस्तारण संभव है।
उन्होंने कहा कि सुरेन्द्र गुप्ता एडवोकेट द्वारा दायर वाद संख्या 17/2023 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 18 जुलाई 2025 के आदेश में सम्पूर्ण हिंदू समाज की ओर से दायर प्रतिनिधित्व वाद के रूप में स्वीकार किया है। उनके अनुसार न्यायालय ने इस वाद को भारत के संपूर्ण मुस्लिम समाज के विरुद्ध प्रतिनिधित्व वाद के रूप में भी मान्यता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय में विचाराधीन 19 वादों में यह एकमात्र वाद है, जिसे प्रतिनिधित्व वाद का दर्जा मिला है।
आलोक कुमार ने कहा कि इस प्रकरण में विश्व हिंदू परिषद से जो भी अपेक्षा होगी, संगठन आवश्यक सलाह और सहयोग उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हिंदू संगठन और समाज के लोगों का दायित्व है कि वे इस मुकदमे के प्रति अपना भावनात्मक समर्थन और आशीर्वाद प्रदान करें।
बैठक के दौरान सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि संबंधित प्रकरण में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को वक्फ अधिनियम की धारा 89 के अंतर्गत नोटिस तामील कराया जा चुका है, लेकिन अब तक बोर्ड की ओर से कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी प्रक्रिया के तहत सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को भी इस वाद में पक्षकार बनाए जाने की कार्रवाई की जाएगी। आलोक कुमार ने सुरेन्द्र गुप्ता से अपेक्षा व्यक्त की कि वे यथासंभव प्रत्येक सुनवाई पर स्वयं इलाहाबाद उच्च न्यायालय में उपस्थित होकर हिंदू समाज की ओर से प्रभावी पैरवी करें।
इसके अलावा आलोक कुमार ने अधिवक्ता वरुण माहेश्वरी तथा गोकुलेश गौतम को निर्देशित किया कि वे मुकदमे से संबंधित आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों को शीघ्र एकत्रित करने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि न्यायिक कार्यवाही में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक के अंत में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि वह स्वयं भी इस प्रकरण में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए समय-समय पर आवश्यक सलाह और सहयोग प्रदान करते रहेंगे।

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments