तीन सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, चार घायल, कावड़ियों की कार भी नहर में गिरी

आगरा, 08 अगस्त। जनपद में विगत देर रात्रि से शनिवार दोपहर तक तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। हादसों का शिकार होने वालों में पांच कावड़िये भी शामिल हैं।
सिकंदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अटूस गांव निवासी अनिल सारस्वत और मानवेन्द्र सिंह देर रात बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान टीएसएफ कट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंचे परिजन और अन्य लोग दोनों को लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की जानकारी जुटा रही है। 
इसके अलावा रोहता नहर देवरी क्षेत्र में शनिवार को कावड़ियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में सवार पांच कावड़िये थे। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
कावड़ियों की कार नहर की पटरी से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आए एक ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत-बचाव में मदद की। कार में सवार सभी पांच कांवरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर के किनारे पर्याप्त सुरक्षा अवरोधक, रेलिंग या अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। 
इससे पूर्व चित्राहाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खाई में जा गिरी। दुर्घटना के दौरान कार सवार चार लोग घायल हो गए। गांव पाठकपुरा के पास अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद कार सड़क से उतरकर किनारे की खाई में जा पलटी। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चित्राहाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 
_________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments