ट्रांसपोर्टनगर में बिंगो टेढ़े-मेढ़े के गोदाम में आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आगरा, 07 अगस्त। थाना हरिपर्वत के अंतर्गत ट्रांसपोर्टनगर में स्थित नमकीन कुरकुरे के डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम में शुक्रवार की पूर्वान्ह आग लग जाने से फर्नीचर और माल जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और उसे आसपास के परिसरों में फैलने से रोक दिया।
फायर स्टेशन संजय प्लेस के अग्निशमन अधिकारी सोमदत्त सोनकर ने बताया कि साढ़े ग्यारह बजे गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। दमकलों ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाना शुरू कर दिया। करीब पौने एक घंटे के निरंतर प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया।
गोदाम मालिक हर्षवर्धन ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में उनका आईटीसी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप का गोदाम है। यहां से शहर और आस-पास के क्षेत्रों में बिंगो टेढ़े-मेढ़े कुरकुरे और अन्य नमकीन की सप्लाई की जाती है। रोजाना की भांति सुबह दस बजे गोदाम खुल चुका था। कुछ ही देर बाद गोदाम के लड़कों द्वारा कूलर चालू किए जाते ही शॉर्ट सर्किट हो गया और तारों में लगी आग निकट रखे कार्टनों तक फैल गई। पहले लड़कों ने खुद आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित होते देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की तीन दमकलों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
_________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments