Agra News -2 खबरें आगरा की-2...

बघेल ने रेल मंत्री से की ट्रेनों के ठहराव की मांग 
आगरा, 04 अगस्त। केंद्रीय राज्यमंत्री और स्थानीय सांसद प्रो. एस. पी. सिंह बघेल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट की। इस दौरान उन्होंने बरहन–एटा रेल लाइन पर स्थित अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर / एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर (ट्रेन संख्या 51901/51902) के नियमित ठहराव की मांग करते हुए पत्र सौंपा।
प्रो. बघेल ने बताया कि अवागढ़ रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक आगरा और एटा सहित विभिन्न स्थानों की यात्रा करते हैं। वर्तमान में उक्त ट्रेन का अवागढ़ स्टेशन पर ठहराव न होने से स्थानीय नागरिकों को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ता है तथा उन्हें अन्य दूरस्थ रेलवे स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
_________________________________________
"प्रगटे रघुनाथ, मिटे सकल संताप"
आगरा, 04 अगस्त। यमुना तट स्थित महाकालेश्वर मंदिर, बूढ़ी का नगला, दयालबाग में चल रहे श्री रुद्र महायज्ञ एवं श्रीराम कथा महोत्सव में मंगलवार को कथावाचक विमलेश त्रिवेदी ने श्रीराम जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया। 
उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है और अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान मानवता के कल्याण के लिए अवतार धारण करते हैं। 
इस अवसर पर रामचरण शर्मा, सुभाष गिरि, सरिता तिवारी, मोहित, दिव्यांश, प्रियंका अग्रवाल, प्रदीप द्विवेदी, नीलू पांडेय आदि उपस्थित रहे।
_________________________________________
नवीन जैन के सवाल पर विदेश राज्य मंत्री ने पासपोर्ट सेवाओं में बदलावों की दी जानकारी
आगरा, 04 अगस्त। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने संसद में देशभर में पासपोर्ट सेवाओं के आधुनिकीकरण, ई-पासपोर्ट के क्रियान्वयन, पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार तथा नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। सांसद के प्रश्न पर विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लिखित जवाब दिया।
विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि ई-पासपोर्ट सहित उन्नत पासपोर्ट कार्यक्रम संस्करण 2.0 (पीएसपी वी2.0) को देश के सभी 37 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों तथा उनसे संबद्ध पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीएसके) और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) में 26 मई, 2025 तक लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही विदेशों में भारतीय मिशनों एवं केंद्रों में भी वैश्विक पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम संस्करण 2.0 (जीपीएसपी वी2.0) को चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है। वर्तमान में देशभर में 37 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों के अंतर्गत 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके) तथा 456 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) संचालित हैं। इसके अलावा वर्ष 2018 से "भारत में कहीं भी आवेदन करें" सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
 जिसके माध्यम से नागरिक देश के किसी भी पासपोर्ट सेवा केंद्र अथवा डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
_________________________________________
संगीत, नृत्य एवं वाद्य कला क्षेत्र में 23 को मिला गुरु शिल्पी सम्मान
आगरा, 04 अगस्त। आर्टिस्ट गिल्ड ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा मंगलवार को "गुरु शिल्पी सम्मान" का आयोजन ताज रोड स्थित एक होटल में किया गया। समारोह में संगीत, नृत्य एवं वाद्य कला क्षेत्र के 23 गुरुजनों का सम्मान किया गया। 
सम्मानित होने वालों में संगीत एवं गायन के क्षेत्र से डॉ. रवि भटनागर, प्रतिभा तलेगांवकर, सुधीर नारायण, सदानंद, मुरली तिवारी, गौतम तिवारी, सुभाष सक्सेना, शोभी माथुर, रविंद्र तालेगांवकर, पंडित डॉ. देवाशीष गांगुली "संगीतेश", अमान खान एवं गजेन्द्र चौहान, वाद्य यंत्र विधा से बिरेन्द्र भान गुप्ता, शुभाशीष गांगुली, डॉ. नीलू शर्मा, मनीष प्रभाकर, रमेश प्रभाकर, देवकी नंदन गुरु एवं फ्रांसिस मरिंडा, नृत्य विधा से पुरुषोत्तम मयूरा, टोनी फास्टर, रोशनी गिडवानी एवं ज्योति खण्डेलवाल शामिल हैं। फुटवियर निर्यातक पूरन डाबर को औद्योगिक गुरु सम्मान" से नवाजा गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष अमूल्य कक्कड़, संदीप उपाध्याय और मनीष अग्रवाल थे। संचालन नीरज त्रिपाठी ने किया।
_________________________________________
राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई में 49 शिकायतें 
आगरा, 04 अगस्त। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान द्वारा मंगलवार को नवीन सर्किट हाउस में की गई महिला जन सुनवाई में 49 शिकायतें आईं। इन शिकायतों पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करने के दिए।
इस दौरान उन्होंने महिला उत्पीड़न को रोकने और सरकार द्वारा संचलित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठक में विगत महिला जनसुनवाई तथा समीक्षा बैठक की अनुपालन आख्या तलब की गई।
नई शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments