सार्धशताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रही आगरा की रामलीला कमेटी, 25 सितंबर को मुकुट पूजन के साथ लीलाओं की होगी शुरुआत
आगरा, 30 अगस्त। इस वर्ष रामलीला महोत्सव को 149 वर्ष हो गए। इसके साथ ही यह महोत्सव सार्धशताब्दी वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसलिए इस वर्ष भव्य आयोजन किए जाएंगे। आगामी वर्ष सार्धशताब्दी वर्ष होगा, उसमें अविस्मरणीय आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
रामलीला कमेटी की कार्यक्रम विवरण पत्रिका का विमोचन रविवार को श्रीराम हनुमान मंदिर पर कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, महामंत्री राजीव अग्रवाल और अन्य पदाधिकारियों ने किया। उन्होंने कहा कि रामलीला महोत्सव में परंपराओं के साथ-साथ आधुनिकता का भी समावेश होगा। वृंदावन की मंडली के कलाकार पारंपरिक लीला का मंचन करेंगे, लेकिन उसमें आधुनिक तकनीक का प्रयोग भी किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी का इससे जुड़ाव हो सके। इसके साथ ही कई कार्यक्रम ऐसे होंगे, जिससे युवा पीढ़ी जुड़ सके। इस वर्ष मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जन्मोत्सव, जगत जननी मां जानकी का जन्मोत्सव नन्द उत्सव की तरह मनाया जाएगा। विजय दशमी के पवन पर्व पर इस वर्ष आतिशबाजी गगनचुम्बी, आसमान में सतरंगी छटा बिखेरने वाली मनमोहक आतिशबाजी होगी।
रामलीला महोत्सव की शुरुआत 25 सितम्बर को मुकुट पूजन के साथ हो जाएगी। छह अक्टूबर को उत्तर भारत की प्रसिद्ध राम बरात निकलेगी। छह से नौ अक्टूबर तक जनकपुरी महोत्सव, बीस अक्टूबर को रावण वध, दशहरा और 23 अक्टूबर को श्री राम के राज्याभिषेक के बाद 24 अक्टूबर को स्वरूपों की विदाई के साथ महोत्सव का समापन होगा।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के उपाध्यक्ष विजय प्रकाश गोयल, भगवानदास बंसल, विनोद जौहरी, मुकेश जौहरी, संजय तिवारी, राकेश जैन, विष्णु दयाल बंसल, समन्वयक प्रवीण स्वरूप, अंजुल बंसल, मीडिया प्रभारी राहुल गौतम, उप मंत्री रामांशु शर्मा, महेशचंद्र अग्रवाल अजय अग्रवाल, सहायक मंत्री आयुष अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, रामाशीष शर्मा, ऋषि गोयल, नितिन अग्रवाल, संगठन मंत्री राम राहुल शर्मा, सौरभ गौतम, निक्की जौहरी, शैलेन्द्र अग्रवाल, ऋषि गोयल और आदर्शनंदन आदि उपस्थित रहे।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments