फतेहपुरसीकरी में मिल पर छापा, 1800 किग्रा सेलखड़ी और 1350 किग्रा आटा मिला, मशीनें सील, लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू
आगरा, 12 अगस्त। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) ने जिले के फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में स्थित एक आटा मिल पर छापा मारकर सेलखड़ी की मिलावट पकड़ी। मौके से लगभग 1800 किग्रा सेलखड़ी और 1350 किग्रा आटा मिला। यह मिल, तीन अलग-अलग ब्रांड के आटे को बाजार में बेच रही थी। तीनों के ही सैंपल लेने के बाद मिल और मशीनों को सील लगा दी गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एफएसडीए ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बुधवार को फतेहपुरसीकरी क्षेत्र में समृद्धि ऑयल मिल, जौतना डाबर रोड पर छापा मारा। इस दौरान गेहूं के आटे में सेलखड़ी की मिलावट किए जाने की स्थिति पाई गई। गेहूं का आटा सफेद और चमकदार दिखे, इसके लिए उसमें सेलखड़ी (पत्थर) का पाउडर मिलाया जा रहा था। मिल से समृद्धि ब्रांड आटा, उत्तम ब्रांड आटा, श्याम भोग चक्की फ्रेश आटा और सेलखड़ी पाउडर के नमूने लिए गए और जांच के लिए लैब भेज दिया गया।
मौके से लगभग 1800 किलोग्राम सेलखड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30,150 तथा लगभग 13.5 कुंतल आटा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹18,900 अभिगृहीत किया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, फर्म मसालों के लाइसेंस पर आटे का उत्पादन कर रही थी।
जांच टीम ने खाद्य कारोबार को बंद करा दिया। आटा निर्माण में प्रयुक्त मशीनों को सील कर दिया गया। मौके पर संचालक अमित कुमार पुत्र सुभाष चन्द्र मौजूद थे। उनके खिलाफ थाना फतेहपुरसीकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। मिल का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई।
खाद्य विश्लेषक की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं उसके अधीन बनाए गए नियम/विनियमों के अंतर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार, चन्द्रविजय सिंह, शैलेन्द्र कुमार, आरके निरंजन, अजय कुमार और अमिता जिज्ञासु मौजूद रहे।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments