वाह रे स्मार्ट सिटी! चौबीस घंटे की बारिश ने खोल दी अवॉर्ड लेने वालों की पोल, सफाई के दावे हुए ढेर, कई क्षेत्रों में जलभराव, कर्मयोगी की सड़क में हुआ गड्ढा

आगरा, 09 जुलाई। शहर में करीब चौबीस घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश ने स्मार्ट सिटी की पोल खोल दी। कई इलाकों में जलभराव, सड़क धंसने, पेड़ उखड़ने और सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याएं सामने आईं। स्मार्ट सिटी या फिर स्वच्छता सर्वेक्षण के नाम पर अवॉर्ड लेने वाले नगर निगम प्रशासन को यह देख शर्म आई या नहीं ये तो वो ही जानें, लेकिन वीआईपी सड़कों से लेकर घनी आबादी वाली बस्तियों तक लोग परेशानी झेलते रहे।
लगातार बारिश से शहर की कुछ सड़कें धंस गईं। कई क्षेत्रों में पेड़ों की जड़ें कमजोर पड़ गईं और कई पेड़ तो जड़ समेत उखड़ गए। 
सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकान ढहने की घटना अभी ठंडी नहीं पड़ी थी कि कमला नगर, कर्मयोगी रोड पर गुरुवार की दोपहर अचानक बड़ा गड्ढा हो जाने की खबर सामने आई। गनीमत रही कि इस गड्ढे में कोई हादसे का शिकार नहीं हुआ। मौके पर पहुंचे विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नगर आयुक्त, जलकल के महाप्रबंधक से बात कर समस्या का समाधान करने तथा पूरे कमलानगर विस्तार की भूमिगत सीवर व पानी की लाइन का सघन निरीक्षण हेतु प्रभावी कदम उठाने को कहा।
वर्षों से जलभराव झेल रहे शास्त्रीपुरम के निवासियों को फिर इसी स्थिति का सामना करना पड़ा। सड़कों पर दो-दो फीट तक भरा पानी निचले फर्श वाले घरों में घुस गया, जिससे भारी गंदगी फैल गई।  लोग घराने कैद होकर रह गए। कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं।
टेढ़ी बगिया क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्य के दौरान खोदी गई सड़क बारिश के कारण धंस गई। वीआईपी क्षेत्र अर्जुन नगर की मुख्य सड़क भी जलभराव की चपेट में रही। सड़क पर पानी भरने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 
कैलाशपुरी के आसपास का इलाका भी जलभराव की समस्या से जूझता रहा। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण सड़कें पानी और गंदगी से लबालब हो गईं। एसएन मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भी बारिश का असर दिखाई दिया। ओपीडी की छत से पानी टपकता रहा और वहां से गुजर रहे मरीजों, तीमारदारों तथा डॉक्टरों के ऊपर पानी गिरता रहा। 
आगरा कैंट क्षेत्र के सोहल्ला इलाके की घनी आबादी वाली बस्ती में नालियां पूरी तरह चोक हो गई। पूरी गली में सीवर का गंदा पानी भर गया। मुस्तफा क्वार्टर क्षेत्र की सड़कों पर भी भारी जलभराव देखने को मिला।
विभव नगर क्षेत्र में होटल अमर से राजपुर चुंगी तक रेडियो स्टेशन के सामने सड़क धंस गई। चौधरी गार्डन की ओर सड़क पर बड़े गड्ढे बनने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों से सामने आई समस्याओं ने नगर निगम और संबंधित विभागों की तैयारियों की हकीकत उजागर कर दी। जल निकासी की व्यवस्था कमजोर पड़ने से आम लोगों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments