पुलिस ने दबोचे हथियारों के दो शातिर तस्कर, 11 ऑटोमैटिक पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, महिंद्रा थार, नकदी बरामद
आगरा, 10 जुलाई। कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 11 ऑटोमैटिक पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, महिंद्रा थार, नकदी और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गईं।
थाना खेरागढ़ पुलिस, एसओजी पश्चिमी जोन और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सैफऊ बॉर्डर के पास संयुक्त घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बड़ी संख्या में अवैध हथियारों की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। अधिकारियों के निर्देश पर खेरागढ़ पुलिस और एसओजी की टीम सक्रिय हो गई। संयुक्त टीम ने सैफऊ बॉर्डर स्थित गौशाला के आगे पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा थार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने जब आरोपियों और वाहन की तलाशी ली तो थार से 11 अवैध .32 बोर ऑटोमैटिक पिस्टल और 10 अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुईं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन, 5,850 रुपये नकद और चार नंबर प्लेट भी बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि बरामद नंबर प्लेटों में दो प्लेट फर्जी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाथरस निवासी उदयवीर सिंह और राजस्थान के धौलपुर निवासी यश शर्मा उर्फ अन्नू के रूप में हुई। पुलिस को संदेह है कि दोनों लंबे समय से अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी अलग-अलग राज्यों से हथियार लाकर उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में उनकी सप्लाई करते थे। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है। उम्मीद है कि पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments