अभी नहीं मिला मलबे में दबी महिला का सुराग, सुभाष बाजार में दुकान ढहने पर अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति, प्रभारी चीफ इंजीनियर को नोटिस, शिवहरे पहुंचे घटनास्थल पर
आगरा, 09 जुलाई। सुभाष बाजार में बुधवार की दोपहर नाले पर बनी दुकान ढह जाने से मलबे में दबी महिला का तीस घंटे बाद भी सुराग नहीं मिल सका है। नगर निगम की टीमें एक किमी तक नाले में महिला को ढूंढ रही हैं। घटनास्थल से यमुना नदी के मुहाने तक अलग- अलग जगहों पर निगम की टीम जुटी हुई हैं। महिला का सुराग न मिलने पर परिजनों का धैर्य जवाब दे रहा है। गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम करने की कोशिश भी की।
हादसे के बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
गौरतलब है कि बुधवार की दोपहर सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दुकान राधास्वामी क्लॉथ स्टोर के ढह जाने से पांच लोग मलबे में दब गए थे, जिनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। साठ वर्षीया महिला गंगा देवी का अभी तक पता नहीं चला है। गंगा देवी अपनी सिपाही बेटी अनीता के साथ खरीददारी करे आईं थीं।
गंगा देवी की तलाश में अग्निशमन, एसडीएआरएफ, नगर निगम और पीएसी की टीम ने बुधवार देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गुरुवार सुबह लगभग छह बजे फिर से सभी टीमें फिर जुट गईं। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम का कहना है कि जब तक महिला का सुराग नहीं लग जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।
इस घटना के तत्काल बाद नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। अपर नगर आयुक्त द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्रीय अभियंत्रण अधिकारी की जिम्मेदारी थी कि वे समय-समय पर दुकानों और संरचनाओं की तकनीकी स्थिति का निरीक्षण कर जर्जर भवन को नोटिस जारी करते लेकिन जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा इस दिशा में अपेक्षित सतर्कता और तकनीकी निरीक्षण नहीं किया गया, जिसके कारण संरचना की स्थिति का समय रहते आकलन नहीं हो सका। रिपोर्ट में इसे गंभीर प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाही मानते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर आयुक्त ने प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि शहर में परिसंपत्तियों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों की स्थिति का भी परीक्षण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विजय शिवहरे पहुंचे सुभाष बाजार
सुभाष बाजार की दुःखद घटना की जानकारी होने पर विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे घटनास्थल पर पहुंचे। शिवहरे ने प्रशासनिक एवं नगर निगम के अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि इस दुःख की घड़ी में भारतीय जनता पार्टी एवं प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ा है।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments